नई दिल्ली : शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि वह ममता दीदी के साथ हैं. उन्होंने कहा, “ममता ने एक बार फिर खुद को एक ‘स्ट्रीट फाइटर’ और लोगों से जुड़ी रहने वाली नेता के तौर पर साबित किया है. उन्हें जनता का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है. मैं ममता और तृणमूल कांग्रेस के साथ खड़ा हूं. मैं ममता और तृणमूल कांग्रेस के साथ हूं और आगे भी उनके साथ ही रहूंगा. फिलहाल मेरा पाला बदलने या किसी दूसरी तरफ जाने का कोई इरादा नहीं है.”
शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा “मैं यह साफ करना चाहता हूं कि मैंने बंगाल में हमेशा सभी के लिए काम किया है, चाहे वे किसी भी पार्टी से हों या उन्होंने मुझे वोट दिया हो या नहीं. मैं अपनी जिम्मेदारियों को समझता हूं और उन्हें पूरा करता रहूंगा.” सिन्हा ने कहा “जब 2019 में पटना का चुनाव हारने के बाद मैं मुश्किल दौर से गुजर रहा था तो ममता बनर्जी उन कुछ लोगों में से थीं जिन्होंने मेरा साथ दिया और मेरा हौसला बढ़ाया. उनका मानना था कि मुझे अपनी संसदीय यात्रा में बिना किसी रुकावट के सार्वजनिक जीवन में बने रहना चाहिए, और उन्हीं के कहने पर मैंने आसनसोल से चुनाव लड़ा. शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा “पिछले कुछ दिनों से मेरे बारे में कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं. कुछ लोग सच कह रहे हैं, तो कुछ अफवाहें फैला रहे हैं. कुछ लोगों का दावा है कि मैं तथाकथित बागी गुट में शामिल हो गया हूं. स्वभाव से मैं हमेशा से बेबाक रहा हूं. मैं अक्सर कहता हूँ कि अगर सच बोलना बगावत है, तो मैं भी बागी हूं. मैंने हमेशा साफ-साफ बात की है और सच को सच कहा है. लेकिन मैं साफ तौर पर कहना चाहता हूं कि मुश्किल समय में ममता मेरे साथ खड़ी थीं, और आज उनके मुश्किल दौर में मैं उन्हें अकेला नहीं छोड़ सकता.
मैं ममता और तृणमूल कांग्रेस के साथ हूं :शत्रुघ्न सिन्हा