अमरावती: आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में एक बड़ा हादसा हो गया है, यहां एक प्लांट में पिघले हुए स्टील रिसाव होने से करीबन 9 लोगों की मौत हो गई है और कई अन्य घायल हो गए हैं। बताया जा रहा कि हादसा स्टील प्लांट के एमएमएस-2 और एसटीसी-3 फैसिलिटी में हुआ है। यहां बड़ी मात्रा में पिघला हुआ स्टील लेडल के फटने से रिसकर गिरने लगा, जिसके चपेट में प्लांट में काम करने वाले कुछ मजदूर आ गए। चूंकि पिघले हुए स्टील का तापमान बहुत अधिक था इसलिए सीधे संपर्क में आने वाले 8 मजदूरों की मौत हो गई है। हादसे के बाद प्लांट में दहशत का माहौल बन गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे।
विशाखापट्टनम स्टील प्लांट सर्किल इंस्पेक्टर केसव रावने ने इसकी जानकारी दी और कहा कि यह दुर्घटना पिघले हुए स्टील से भरा लेडल फटने से हुई है। पुलिस ने बताया कि हादसे के समय पिघले हुए स्टील का तापमान करीब 1,600 डिग्री सेल्सियस के अधिक था। यह घटना शाम करीब 4.30 बजे प्लांट के स्टील मेल्टिंग शॉप सेक्शन के तहत आने वाले कंटीन्यूअस कास्टिंग डिपार्टमेंट में हुई और आशंका है कि नौ लोगों की मौत हो गई है। एक ट्रेड यूनियन नेता ने नाम न छापने की शर्त पर कहा “पिघला हुआ स्टील ले जा रहे एक लेडल में अचानक खराबी आ गई, जिससे बड़ी मात्रा में पिघला हुआ स्टील छलक गया। तीव्र गर्मी और उससे लगी आग ने आसपास के मजदूरों को फंसा लिया, जिससे कई लोग घायल हुए हैं।” एक अन्य जानकारी के अनुसार, यह घटना एनटीसी-3 हीट एफ से संबंधित कार्यों के दौरान हुई। एक अन्य ट्रेड यूनियन नेता ने कहा, “लेडल उठाते समय बड़ी मात्रा में पिघला हुआ स्टील लीक हो गया, जिससे भीषण आग लग गई।” घटना के तुरंत बाद आपातकालीन बचाव दल और दमकलकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव एवं आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
स्टील प्लांट में पिघले स्टील का हुआ रिसाव, 9 लोगों की मौत