दिल्ली में 6 मंजिला होटल में आग, 21 की मौत


नई दिल्ली। दिल्ली के मालवीय नगर मे एक होटल में लगी भीषण आग में 21 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। दक्षिण दिल्ली के हौज रानी इलाके में स्थित फ्लरिश स्टे बीएंडबी होटल में 3 जून की सुबह लगी इस भीषण आग ने 21 जिंदगियां निगल लीं। मरने वालों में 18 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं जो दिल्ली के बड़े अस्पतालों में इलाज कराने आए थे। इस हृदयविदारक हादसे ने पूरी राष्ट्रीय राजधानी को झकझोर कर रख दिया है। यह सिर्फ एक हादसा नहीं है, बल्कि भ्रष्ट व्यवस्था, प्रशासनिक सुस्ती और नियमों को ताक पर रखकर इंसानी जिंदगियों से खिलवाड़ करने का एक और खूनी सबूत है।
दिल्ली के आलीशान मॉल और तंग गलियों के बीच बसा मालवीय नगर का हौज रानी इलाका बुधवार की सुबह चीख-पुकार से गूंज उठा। सुबह करीब 8:30 बजे के आसपास जब लोग नींद से जाग ही रहे थे, तब फ्लरिश स्टे बीएंडबी नामक पांच मंजिला इमारत से धुएं का ऐसा काला गुबार उठा जिसने पूरी राजधानी की साख को कालिख पोत दी। इस इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर लेमन ग्रीन नामक रेस्तरां चल रहा था और ऊपर के फ्लोर पर होटल। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। इलाके की संकरी गलियों के कारण दमकल की गाडिय़ों को पहुंचने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक 21 लोग दम तोड़ चुके थे। स्थानीय निवासियों ने हिम्मत दिखाते हुए सडक़ों पर गद्दे बिछाए ताकि ऊपरी मंजिलों पर फंसे लोग कूदकर अपनी जान बचा सकें। कुछ लोग कूदे, किसी के पैर टूटे तो कोई हमेशा के लिए खामोश हो गया। मरने वालों में लाइबेरिया, नाइजीरिया, मोज़ाम्बिक, सोमालिया जैसे देशों के के वे मजबूर नागरिक शामिल हैं जो मैक्स सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में गंभीर बीमारियों का इलाज कराने या अपने मरीजों की तीमारदारी के लिए दिल्ली आए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *