राष्ट्रीय महत्व के जनगणना कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दें – कलेक्टर

प्रगणक और नगर निगम की टीम? मिलकर मकानों की नम्बरिंग करें – श्री जैन

रीवा

कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है। इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। सभी प्रगणक प्रशिक्षण में दी गई जानकारी को आत्मसात करके शासन के निर्देशों के अनुरूप मकानों की सूची बनाएं। सभी प्रगणक आज ही ऐप को लॉगिन करके कम से कम एक मकान की जानकारी दर्ज करें। आयुक्त नगर निगम मकानों में नम्बर डालने, नजरी नक्शा और जनगणना ब्लाक की सीमाओं की विसंगति को दो दिवस में ठीक कराएं। नगर निगम के जोनल अधिकारी और सुपरवाइजर जनगणना कार्य की ठीक से मानीटरिंग करें। प्रगणक को किसी भी तरह की कठिनाई होने पर उसका तत्काल निदान कराएं। मकान सूचीकरण का कार्य तय समय सीमा में पूरा कराएं। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा मकानों में नम्बर दर्ज करने में की गई त्रुटियों में सुधार करते हुए मकानों का सर्वे शुरू करें। प्रगणक अपने जनगणना ब्लाक के सेटेलाइट से बनाए गए नक्शे को सीमा मानते हुए उसमें शामिल सभी मकानों की सूची तैयार करें। जनगणना कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बरतने पर कठोर कार्यवाही की जाएगी।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि अब तक जनगणना कार्य की प्रगति संतोषजनक नहीं है। सभी प्रगणकों को तीन दिवसीय गहन प्रशिक्षण में हर बिन्दु की विस्तृत जानकारी दी गई थी। प्रशिक्षण में रूचि न दिखाने के कारण मकानों के सूचीकरण में कठिनाई आ रही है। सभी प्रगणक और सुपरवाइजर मन लगाकर जनगणना का कार्य करें। जनगणना से प्राप्त जानकारी देश के विकास योजनाओं के निर्माण का आधार है। पूरी जिम्मेदारी और तत्परता से जनगणना करें। बैठक में नवागत आयुक्त नगर निगम अक्षत जैन ने कहा कि मकानों के नम्बर, नजरी नक्शे और सेटेलाइट मैप में जो विसंगतियाँ हैं उसे समन्वय से दूर करें। नगर निगम के उपयंत्री और वार्ड दरोगा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा प्रगणक मिलकर दो दिन में घर-घर जाकर मकानों में सही नम्बरिंग करें। इस सूची को ऐप में अपलोड कराएं। जनगणना ऐप को लॉगिन कर कम से कम एक घर की जानकारी आज ही दर्ज कराएं। किसी भी प्रगणक को यदि मकानों की सूची बनाने में कठिनाई आ रही है तो वह नगर निगम कार्यालय में संपर्क करके पूरी जानकारी प्राप्त कर सकता है। नगर निगम के जोनल अधिकारी तथा प्रभारी अधिकारी भी जिम्मेदारी के साथ जनगणना की मानीटरिंग करें। बैठक में मुख्य प्रशिक्षक शशिकांत शुक्ला ने मकानों के सूचीकरण की विस्तार से जानकारी दी। बैठक में डिप्टी कलेक्टर तथा प्रभारी जनगणना अधिकारी आरके सिन्हा, उपायुक्त नगर निगम प्रकाश द्विवेदी, सभी जोनल अधिकारी, सुपरवाइजर तथा प्रगणक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *