कांकेर में आईईडी विस्फोट, तीन जवान शहीद

रायपुर :छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में हुए एक आईईडी विस्फोट में जिला रिजर्व गार्ड के एक अधिकारी समेत तीन जवान शहीद हो गए। विस्फोट में एक अन्य जवान घायल हो गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार छोटेबेठिया थानाक्षेत्र में कांकेर-नारायणपुर जिले की सीमा के पास सुरक्षाबलों को बारूदी सुरंग को निष्क्रिय करने और गश्त के लिए भेजा गया था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बारूदी सुरंग को निष्क्रिय करने के दौरान विस्फोट हो जाने से कांकेर डीआरजी के चार जवान घायल हो गए थे। उन्होंने बताया कि घायल जवानों में तीन निरीक्षक की बाद में मौत हो गई और एक का इलाज चल रहा है। बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टिलिंगम ने बताया कि पिछले कुछ महीनों में आत्मसमर्पण कर चुके माओवादी कैडरों से प्राप्त जानकारी तथा अन्य सूचना के आधार पर बस्तर क्षेत्र में माओवादियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए सैकड़ों आईईडी को पुलिस और सुरक्षाबलों ने बरामद कर निष्क्रिय कर दिया है। पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज ने बताया कि शनिवार को जब कांकेर जिला पुलिस दल आईईडी को निष्क्रिय कर रहा था, तभी उसमें अचानक विस्फोट हो गया। अधिकारियों ने बताया कि मामले में और जानकारी जुटाई जा रही है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *