जनगणना अधिकारी ने जनगणना प्रशिक्षण का किया अवलोकन

मऊगंज

जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर कलेक्टर पीके पाण्डेय ने देवतालाब तहसील में जनगणना प्रशिक्षण का किया निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि आगामी जनगणना कार्यों की शुचिता और सटीकता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय है। उन्होंने तहसील कार्यालय में चल रहे प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशिक्षण कक्षों का भ्रमण कर संभागवार चल रही गतिविधियों का जायजा लिया। मास्टर ट्रेनर्स को निर्देशित करते हुए कहा कि गणना कार्य में किसी भी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश न रहे, इसके लिए सभी प्रगणकों को व्यावहारिक और तकनीकी रूप से दक्ष बनाया जाए। जिला जनगणना अधिकारी ने प्रशिक्षणार्थियों से संवाद कर उनकी शंकाओं का समाधान किया और जनगणना फॉर्म भरते समय पूर्ण सावधानी बरतने और डेटा की सत्यता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रशिक्षण मॉड्यूल को पूर्ण करने की बात कही। डिजिटल जनगणना के दौर में प्रशिक्षकों ने मोबाइल ऐप और पोर्टल के प्रभावी उपयोग के संबंध में बारीकियों से अवगत कराया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशिक्षण में उपयोग किए जा रहे अध्ययन सामग्री, तकनीकी संसाधनों एवं उपस्थिति पंजी का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कर्मचारियों को प्रशिक्षण का पूर्ण लाभ सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने तहसीलदार एवं स्थानीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण के दौरान किसी भी प्रतिभागी को असुविधा न हो और अनुशासन का पूर्णत: पालन किया जाए। इस अवसर पर स्थानीय राजस्व अधिकारी, मास्टर ट्रेनर्स और जनगणना शाखा के कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
क्रमांक-46-301-एसपी शुक्ल-फोटो क्रमांक 02 संलग्न है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *