जिले भर में धूमधाम से मनाई गई भारत रत्न डॉ. अम्बेडकर की 135वीं जयंती
विंध्यभारत, रीवा
भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती पूरे जिले में धूमधाम से मनाई गयी। रैलियाँ निकाल कर तथा बाबा साहब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने उनका नमन किया गया। जिला स्तरीय समारोह शासकीय कन्या महाविद्यालय रीवा में आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि सांसद श्री जनार्दन मिश्र ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने जीवन भर मानवीय गरिमा के लिए संघर्ष किया। उन्होंने सामाजिक बुराईयों को दूर करने के लिए शिक्षा की ज्योति जलाई। जब बाबा साहब का जन्म हुआ तब देश कई कुरीतियों और सामाजिक बुराईयों से ग्रस्त था। बाबा साहब ने कठिन संघर्ष करके उच्च शिक्षा प्राप्त की। उन्होंने विदेश जाकर डाक्टरेट की डिग्री ली। बाबा साहब ने स्वतंत्रता संग्राम में बढ़चढ़ कर भाग लेते हुये अंग्रेजों से कड़ा संघर्ष किया। अंग्रेजों की भारतवासियों के आर्थिक शोषण को उजागर करने के लिए बाबा साहब ने आर्थिक विश्लेषण प्रस्तुत किया। बाबा साहब ने अपने विचारों और कार्यों से देश की सामाजिक, आर्थिक और राजनैतिक परिदृश्य में बदलने का प्रयास किया। सांसद ने कहा कि बाबा साहब के प्रयासों से ही संविधान को सही आकार मिला। उनके विचार आज भी प्रासांगिक है। बाबा साहब के विचारों को अपने जीवन में उतार कर आप सब प्रगति का मार्ग प्रशस्त करें। बाबा साहब के स्वच्छता के आदर्शों को यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने समग्र स्वच्छता अभियान के माध्यम से मूर्तरूप दिया है। यह मानवीय गरिमा के लिए बहुत बड़ा और सफल प्रयास है। बाबा साहब ने महिलाओं की शिक्षा और संपत्ति में अधिकार के लिए भी संघर्ष किया। नई पीढ़ी बाबा साहब के विचारों से प्रेरणा ले और नशामुक्त भारत अभियान योगदान दे तभी बाबा साहब का सपना साकार होगा।
समारोह में विधायक मनगवां नरेन्द्र प्रजापति ने कहा कि बाबा साहब डॉ. अम्बेडकर के ज्ञान के प्रकाश से पीढिय़ाँ आलोकित हैं। मानव के विकास का आधार शिक्षा है। बाबा साहब ने कठिन संघर्ष करके कोलंविया विश्व विद्यालय से कानून में डाक्टरेट की डिग्री प्राप्त की। बाबा साहब ने देश के संविधान में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके प्रयासों से महिलाओं और वंचित वर्ग को कई अधिकार मिले। भारत रत्न बाबा साहब किसी एक वर्ग या जाति के नहीं बल्कि पूरे देश के रत्न हैं। जहां सूरज की रोशनी भी नहीं पहुंच पाती वहां भी बाबा साहब के विचारों की रोशनी है। समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल ने कहा कि बाबा साहब अम्बेडकर की 135वीं जयंती हम सब के लिए ऐतिहासिक दिन है। उनका जीवन महामानव जैसा है। बाबा साहब ने संविधान देकर गरीब और वंचितों को जीने की राह दिखाई। बाबा साहब के लिए संविधान से गरीबों को और देश को विकास का मौका मिला। समारोह में कन्या शिक्षा परिसर की छात्राओं तथा छात्रावास की छात्राओं ने मधुर स्वागत गीत तथा आकर्षक लोक नृत्य प्रस्तुत किए। समारोह में छात्रा प्रमिला बंसल ने बाबा साहब के जीवनवृत को कविता के माध्यम से प्रस्तुत किया। समारोह में सामूहिक रूप से संविधान की उद्देशिका का वाचन किया गया। छात्रा विन्ध्यांचल कोल ने अपने विचारों से बाबा साहब का नमन किया। समारोह में नवागत कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, जिला पंचायत के मुख्य कार्य पालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर, एसडीएम हुजूर डॉ. अनुराग तिवारी, जिला संयोजक जनजातीय कार्य डॉ. के.के. पाण्डेय, प्राचार्य विभा श्रीवास्तव तथा बड़ी संख्या में छात्रायें और आमजन उपस्थित रहे। समारोह का संचालन कन्या परिसर के प्राचार्य आरके तिवारी ने किया। समारोह का समापन मंडल संयोजक रूचि तिवारी द्वारा आभार प्रदर्शन से हुआ।
क्रमांक-98-993-उमेश तिवारी-फोटो क्रमांक 01 से 04 संलग्न है।