जनगणना के प्रथम चरण के लिए प्रशिक्षण आज से, प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को दिया जाएगा तीन-तीन दिवसीय प्रशिक्षण

मऊगंज 14 अप्रैल 2026. मऊगंज जिले में जनगणना का पहला चरण एक मई से 30 मई तक चलेगा। इस चरण में मकान सूचीकरण कार्य संपादित कराने के लिए फील्ड ट्रेनर्स द्वारा प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों (रिजर्व सहित) को तीन दिवसीय प्रशिक्षण संबंधित तहसील और नगरीय चार्जों में दिया जाएगा। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी संजय कुमार जैन ने प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को 15 अप्रैल से शुरू होने वाले प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। 

जारी प्रशिक्षण कार्यक्रम के अनुसार मऊगंज तहसील चार्ज में 188 प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षणार्थियों के चार बैच बनाए गए हैं। इनमें से दो बैच को 15 से 17 अप्रैल तक और दो अन्य बैच को 18, 21 और 22 अप्रैल को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसी प्रकार मऊगंज नगरीय चार्ज में 52 प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए दो बैच बनाए गए हैं। दोनों बैच को 23 से 25 अप्रैल तक प्रशिक्षण दिया जाएगा। देवतालाब तहसील चार्ज में 219 प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए पाँच बैच बनाए गए हैं। इनमें से दो बैच को 15 से 17 अप्रैल तक, दो अन्य बैच को 18, 21 और 22 अप्रैल को तथा एक अन्य बैच को 23 से 25 अप्रैल तक प्रशिक्षण दिया जाएगा। हनुमना तहसील चार्ज में 497 प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए 10 बैच बनाए गए हैं। इनमें से चार बैच को 15 से 17 अप्रैल तक, चार अन्य बैच को 18, 21 और 22 अप्रैल को तथा दो अन्य बैच को 23 से 25 अप्रैल तक प्रशिक्षण दिया जाएगा। हनुमना नगरीय चार्ज में 38 तथा नईगढ़ी नगरीय चार्ज में 23 प्रगणकों तथा पर्यवेक्षकों को 23 से 25 अप्रैल तक प्रशिक्षण दिया जाएगा। नईगढ़ी तहसील चार्ज में 277 प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के लिए 6 बैच बनाए गए हैं। इनमें से दो बैच को 15 से 17 अप्रैल तक, दो अन्य बैच को 18, 21 और 22 अप्रैल को तथा शेष दो बैच को 23 से 25 अप्रैल तक प्रशिक्षण दिया जाएगा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *