यत्र तत्र सर्वत्र
LIVE

गल्फ कंट्री को नाराज करने वाले बयान दे रही कांग्रेस :मोदी

प्रधानमंत्री ने कांग्रेस नेताओं पर लगाया आरोप
चुनाव आते-जाते रहेंगे, भारतीयों की सुरक्षा मेरे लिए सर्वोपरि
तिरुवल्ला :प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस नेताओं पर खतरनाक बयानबाजी करके मध्य पूर्व में रहने वाले भारतीयों के जीवन को खतरे में डालने का आरोप लगाया। केरल में एक रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस चाहती है कि खाड़ी देश अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष के बीच भारत को अपना दुश्मन मानें।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस चाहती है कि वेस्ट एशिया के देश भारत को अपना दुश्मन समझ लें। हम यहां ऐसा कोई बयान दे दें और गल्फ कंट्री से भारतीयों को बाहर निकाल दिया जाए। इसलिए कांग्रेस गल्फ कंट्री को नाराज करने वाले बयान दे रही है। कांग्रेस चाहती है कि पैनिक फैले और उसे मोदी को गाली देने का मौका मिल जाए। अरे राजनीति अपनी जगह है, चुनाव आते-जाते रहेंगे। मोदी ने कहा कि पश्चिमी एशिया के युद्ध संकट ने कांग्रेस और उसके साथी दलों के मंसूबों को उजागर कर दिया है। आज पूरा देश देख रहा है कि खाड़ी देशों में कैसे हालात बने हैं और वहां हमारे लाखों लोग, केरल के भाई-बहन काम कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस के बड़े-बड़े नेता जानबूझकर ऐसे बयान देते हैं, जिससे पश्चिमी एशिया में रहने वाले भारतीयों की सुरक्षा खतरे में पड़ जाए। मोदी ने कहा कि वो तो हमारी दोस्ती अच्छी है कि गल्फ की सभी सरकारें हमारे सभी भारतीयों को अपना ही परिवार मानकर रक्षा कर रही हैं, लेकिन यहां से ऐसी-ऐसी भाषा बोली जा रही है। मैं उनको कहकर थक गया कि ये बोलने का समय नहीं है। वहां रह रहे हमारे लाखों भाई-बहनों की सुरक्षा ही हमारा दायित्व है। इसलिए अनाप-शनाप बोलना बंद करो ताकि हमारे नौजवानों को, हमारी बेटियों को वहां कोई तकलीफ न हो। प्रधानमंत्री ने कहा कि युद्ध के बीच भी हम भारत के लोगों को हर संभव मदद पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के लिए, मोदी को गाली देने के लिए कांग्रेस एक करोड़ प्रवासियों का जीवन संकट में डालने को तैयार बैठी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण, महिलाओं का प्रतिनिधित्व हमारी प्राथमिकता है। हमने महिलाओं के जीवन से जुड़ी हर समस्या के समाधान का प्रयास किया है।
केरल में एलडीएफ सरकार की विदाई की उल्टी गिनती शुरू
प्रधानमंत्री ने कहा कि एलडीएफ सरकार की विदाई की उल्टी गिनती शुरू हो गई है. केरल में भाजपा के नेतृत्व में राजग सत्ता में आएगा. पीएम ने कहा कि अगर भाजपा राज्य में सत्ता में आती है तो वह केरल में विकास सुनिश्चित करेगी जैसा कि उसने सात उत्तर-पूर्व राज्यों में से छह में किया है जहां वह सत्ता में है और गोवा में जहां ईसाई आबादी काफी है. पीएम ने कहा कि केंद्र की एनडीए सरकार ने केरल के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी है, जबकि राज्य में अब तक भाजपा की सरकार नहीं है. उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने केरल में विकास पर कांग्रेस की यूपीए सरकारों से पांच गुना ज़्यादा खर्च किया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *