असम में अब कोई चार शादी नहीं कर पाएगा: अमित शाह

आदिवासी क्षेत्र समान नागरिक संहिता के दायरे में नहीं आएंगे
दुधनोई :केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि असम में बीजेपी की सरकार आने पर हम यूसीसी लाएंगे और यहां कोई चार शादी नहीं कर पाएगा। अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस ने कभी किसी आदिवासी महिला को राष्ट्रपति नहीं बनाया। लेकिन मोदी ने इसे बदल दिया और द्रौपदी मुर्मू भारत की राष्ट्रपति बनीं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने कभी आदिवासी कल्याण की बात नहीं की। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से कांग्रेस की सरकारों ने आदिवासियों के विकास पर केवल 25,000 करोड़ रुपये खर्च किए लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले 11 वर्षों में उनके लिए 1.38 लाख करोड़ रुपये दिए
शाह ने कहा कि आदिवासी क्षेत्र समान नागरिक संहिता के दायरे में नहीं आएंगे। उन्होंने कहा “कांग्रेस आदिवासियों को डराने के लिए अफवाहें फैला रही है कि वे यूसीसी से प्रभावित होंगे। लेकिन यह बिल्कुल झूठ है और कोई भी आदिवासी इसके दायरे में नहीं आएगा।”शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री ही वह व्यक्ति हैं जिन्होंने आदिवासियों की कला, संस्कृति, भोजन, वस्त्र, संगीत और नृत्य को वैश्विक मंच पर पहुंचाया। उन्होंने कहा “हर आदिवासी परिवार को एक गाय और एक भैंस दी जाएगी। मैं सहकारिता मंत्री के रूप में इसे सुनिश्चित करूंगा।”शाह ने कहा कि घुसपैठियों ने आदिवासी महिलाओं से शादी करके गारो परिषद में सत्ता हथियाने की कोशिश की और इसी वजह से यह संघर्ष शुरू हुआ। उन्होंने कहा “हमें कांग्रेस की ओर से अतीत में की गई गलतियों को याद रखना होगा और यह सुनिश्चित करना होगा कि उन्हें दोहराया न जाए।” शाह ने कहा कि अगर कांग्रेस नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव में एक भी सीट जीतती है तो पूर्वोत्तर राज्य को एक बार फिर अस्थिरता का सामना करना पड़ेगा। शाह ने आरोप लगाया “नेहरू-गांधी परिवार ने कभी असम के कल्याण के बारे में नहीं सोचा. 1962 के भारत-चीन युद्ध के दौरान जवाहरलाल नेहरू ने असम को टाटा, बाय-बाय कह दिया लेकिन भाजपा किसी को भी एक इंच जमीन नहीं हड़पने देगी.
००००००

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *