सेना पूरी सतर्कता के साथ देश की सुरक्षा कर रही: सेना प्रमुख

नई दिल्ली। : सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने नए साल के संदेश में कहा कि उनकी सेना एक दशक के बदलाव से गुजर रही है। संयुक्तता, आत्मनिर्भरता और इनोवेशन हमारी सैन्य शक्ति के मुख्य स्तंभ हैं। उन्होंने सेना के एक्स हैंडल के पोस्ट पर अपने लिखित संदेश में कहा ‘स्वदेशी प्रौद्योगिकियों, नए विचारों और निरंतर सुधारों के प्रभावी उपयोग के माध्यम से, हम सेना को अधिक सक्षम और भविष्य के लिए तैयार बना रहे हैं। नेटवर्किंग और डेटा-केंद्रितता इस परिवर्तन को नई गति प्रदान कर रही है।’ जनरल द्विवेदी ने यह भी कहा कि भारतीय सेना पूरी सतर्कता और दृढ़ संकल्प के साथ देश की सुरक्षा सुनिश्चित कर रही है।
सेना प्रमुख ने जोर देकर कहा ‘पिछले साल, ऑपरेशन सिंदूर के तहत दृढ़ और निर्णायक कार्रवाई के माध्यम से दुश्मन के नापाक मंसूबों का मुंहतोड़ जवाब दिया गया था, और यह अभियान आज भी जारी है।” सेना प्रमुख ने कहा ‘स्वदेशीकरण, रक्षा आधुनिकीकरण और डिजिटल एकीकरण से प्रेरित यह पहल कनेक्टिविटी, वास्तविक समय में निर्णय लेने की क्षमता और युद्ध प्रभावशीलता को बढ़ाएगी, जिससे भविष्य के लिए तैयार सेना की लचीलता और तत्परता मजबूत होगी।’ सेना ने 2024-25 को ‘प्रौद्योगिकी आत्मसातकरण वर्ष’ घोषित किया था। सेना ने कहा कि जनरल द्विवेदी ने गुरुवार को दिल्ली कैंट स्थित बेस अस्पताल का दौरा किया, जहां उन्होंने सेवारत कर्मियों और इलाज करा रहे पूर्व सैनिकों से बातचीत की, सभी विपरीत परिस्थितियों के बावजूद उनके जुझारू जज्बे की सराहना की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *