‘सत्यम शिवम सुंदरम’ के सेट पर शशि कपूर से परेशान हो गए थे राज कपूर, चिढ़कर छोटे भाई को दे दिया था ये अजीब नाम…

शिवेंद्र तिवारी +91 9179259806

70 के दशक में राज कपूर ने अपनी सबसे चर्चित फिल्म सत्यम शिवम सुंदरम की योजना बनाई थी। फिल्म में एक खूबसूरत आवाज लेकिन बदसूरत चेहरे वाली लड़की की कहानी दिखाई गई थी। सत्यम शिवम सुंदरम में शशि कपूर और जीनत अमान ने लीड रोल निभाया था। इस फिल्म से कई किस्से जुड़े हुए हैं। इनमें राज कपूर का शशि कपूर को अजीब नाम देना भी शामिल है।

कपूर खानदान ने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री को कई सितारे दिए। इनमें राज कपूर से लेकर रणबीर कपूर तक शामिल है। शानदार एक्टर्स के साथ- साथ यादगार फिल्में भी कपूर खानदान के खाते में हैं। ऐसी ही एक फिल्म है- सत्यम शिवम सुंदरम। इस फिल्म को राज कपूर ने बनाया था, वहीं शशि कपूर ने लीड रोल निभाया था। फिल्म में जीनत अमान फीमेल लीड थीं।

सत्यम शिवम सुंदरम (1978) एक दमदार कहानी वाली फिल्म है। हालांकि, रिलीज के बाद मूवी को लेकर काफी विवाद भी हुआ था, लेकिन वक्त के साथ ये कल्ट फिल्म बन गई।

सत्यम शिवम सुंदरम से कई दिलचस्प किस्से जुड़े हैं। इस क्लासिक फिल्म से स्वर कोकिला लता मंगेशकर का भी कनेक्शन हैं। राज कपूर की बेटी रितु नंदा ने अपनी किताब ‘राज कपूर स्पीक्स’ में बताया कि सत्यम शिवम सुंदरम की कहानी लता मंगेशकर से प्रेरित थी। एक लड़की जिसकी आवाज खूबसूरत है, लेकिन चेहरा बदसूरत है।

शशि कपूर को चुना अपना हीरो

राज कपूर जब सत्यम शिवम सुंदरम बना रहे थे, तब उनके दिमाग में हीरो के तौर पर छोटे भाई शशि कपूर थे। उस दौर में शशि कपूर सुपरस्टार बन चुके थे और बहुत व्यस्त रहते थे। राज कपूर ने अपनी फिल्म में शशि कपूर को लेने का मन बना लिया। शशि के पास कई फिल्मों के ऑफर्स थे और उनके पास वक्त की कमी थी।

राज कपूर की मुश्किल शर्त

शशि कपूर एक साथ 4 से 5 फिल्मों के लिए जुबान दे चुके थे। ऐसे में जब सत्यम शिवम सुंदरम की बात आई तो राज कपूर को भाई की बहुत सारी डेट्स एक साथ चाहिए थीं। इसके साथ एक और शर्त थी कि शशि कपूर जिस दिन सत्यम शिवम सुंदरम की शूटिंग करेंगे, उस दिन किसी दूसरी फिल्म के लिए शूट नहीं करेंगे। हालांकि, शशि कपूर को राज साहब की यह शर्त मानना आसान नहीं था।

चौबीसों घंटे काम करते थे शशि

शशि कपूर ने एक इंटरव्यू में बताया था कि राज कपूर की सुविधा के लिए उन्हें चौबीसों घंटे काम करना पड़ता था। दिन में चार से पांच शिफ्ट करते थे और अपनी कार में सोते थे, या तो अपनी या फिर किराए की टैक्सी में। राज कपूर को शशि कपूर हमेशा टैक्सी में भागते हुए दिखते थे। ऐसे में उन्होंने भाई को एक अजीब नाम दे दिया था। इसके पीछे एक और वजह थी कि शशि कपूर से पर्याप्त वक्त ना मिल पाने की वजह से राज कपूर परेशान हो गए थे।

शशि कपूर को दिया था अजीब नाम

राज कपूर अपने छोटे भाई शशि कपूर को टैक्सी कहकर बुलाते थे। हालांकि, उन्होंने ये नाम कई और एक्टर्स को दिया था। राज कपूर शशि कपूर से कहा करते थे, “तुम लोग कलाकार नहीं हो। तुम सब टैक्सी हो। कोई तुम्हारा मीटर नीचे करता है और तुम वहां पहुंच जाते हो। फिर कोई दूसरा तुम्हारा मीटर नीचे करता है और तुम फिर वहां चले जाते हो।”

हालांकि, राज कपूर ने शशि कपूर को किसी और वजह से टैक्सी नाम दिया था। दरअसल, कई शिफ्ट्स में काम करने की वजह से शशि कपूर हमेशा एक शूटिंग सेट से दूसरे सेट के बीच सफर करते रहते थे। इस दौरान वो किसी ना किसी को अपनी गाड़ी या टैक्सी से पिक और ड्रॉप करते रहते थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *