आधा सैकड़ा पुलिस क्वार्टर्स बनाने की पीएचक्यू ने एसपी से मांगी जानकारी, विधायक प्रदीप पटेल ने लिखा था सीएम को चि_ी

नगर प्रतिनिधि, रीवा

मऊगंज विधायक प्रदीप पटेल ने मऊगंज जिले में तैनात पुलिस कर्मियों के लिए आवास को लेकर सीएम को पत्र लिखा था जिस पर अमल करते हुए पुलिस मुख्यालय भोपाल ने पुलिस कप्तान रसना ठाकुर से जानकारी मांगी है। बता दें कि विधायक ने 9 जुलाई को मुख्यमंत्री को पत्र देकर मांग किया था कि नए जिले में पुलिस आवास न होने से उन्हें समस्या झेलनी पड़ती है लिहाजा लगभग 50 सरकारी आवास बनाए जाएं ताकि पुलिस को रहने के इंतजाम हो सकें। इस पत्र पर सीएम ऑफिस से एक पत्र जारी हुआ। सीएम के अवर सचिव केवलराम धुर्वे ने एसीएस, पीएस और सचिव गृह को प्रतिलिपि भेजकर मऊगंज जिले में आधा सैकड़ा पुलिस क्वार्टर्स बनाने संबंधी पत्र भेजा एक पखवाड़े केअंदर नियमानुसार कार्रवाई का जिक्र किया। इस पत्र के बाद पुलिस मुख्यालय हरकत में आया और 15 अक्टूबर को एआईजी संपदा ने एसपी मऊगंज को पत्राचार करते हुए विधायक प्रदीप पटेल के पत्र का हवाला देकर जिक्र किया कि इकाई में कितना बल स्वीकृत है और कितना उपलब्ध है? स्थानवर आवासों की संख्या कहां- कहां पर कितने आवास हैं? नवीन आवासों के लिए भूमि उपलब्ध है या नहीं, यदि जमीन है तो कहां है? अब पीएचक्यू ने सारी जानकारी एसपी से तलब की है। एसपी जितना जल्दी जानकारी मुहैया करा देंगी आगे की प्रक्रिया भी शुरु हो जाएगी और जमीन मिलने के बाद जिले में पुलिस के आवास बनाने की प्रक्रिया शुरू होगी। सरकारी आवास बनने से पुलिसकर्मियों को काफी राहत मिल जाएगी। विधायक की यह पहल बेहद सराहनीय है। हालांकि अभी जिले में कलेक्टर और एसपी के आवास भी नहीं बन पाए हैं जबकि जिला बने 14 माह से ज्यादा हो चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *