नगर प्रतिनिधि, रीवा
पिता अपने बेटा-बेटी के साथ टमस नदी में कूद गया। पिता का शव शुक्रवार सुबह 20 किलोमीटर दूर उत्तरप्रदेश में मिला। 4 साल के बेटे का शव पुल के पास मिला। एसडीईआरएफ की टीम 5 साल की बेटी की तलाश कर रही है। घटना गुरुवार रात 9:30 बजे सोहागी थाना क्षेत्र के राजापुर पुल की है। पुल पर युवक की बाइक भी मिली है। मृतकों की पहचान सुनील मांझी (31) पिता राम निहोर मांझी निवासी पैरा टोला छिवलहिया, पुष्पराज मांझी (4) पिता सुनील मांझी के रूप में हुई है। बेटी पुष्पा (5) लापता है। शुक्रवार सुबह मौके पर पहुंची पुलिस ने एसडीआरएफ की मदद से सर्चिग शुरू की। सुबह करीब 9 बजे युवक का शव यूपी में मिला, जबकि करीब 10:30 बजे बच्चे का शव भी मिल गया। बताया जा रहा है कि सुनील कर्ज से परेशान था, जिसके चलते उसने ये कदम उठाया।
पिता बोले- रात में घर से निकला था, फिर वापस नहीं आया
सुनील के पिता राम निहोर मांझी ने बताया, गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे बेटा दोनों बच्चों को लेकर बाइक पर निकला था। वह बच्चों को स्कूल ड्रेस दिलाने की बात कहकर गया था। रात 9 बजे तक वह वापस नहीं आया तो बहू पूजा देवी ने फोन किया। इस पर सुनील ने थोड़ी देर में घर आने की बात कही।
करीब आधे घंटे बाद फिर कॉल किया, तो फोन रिसीव नहीं किया। फिर रिश्तेदार संदीप मांझी को कॉल कर पूरी बात बताई। संदीप ने भी सुनील के फोन पर कॉल किया, तो किसी अन्य व्यक्ति ने रिसीव किया। उसने बताया कि टमस नदी पर बने राजापुर पुल पर सुनील की बाइक खड़ी है। बाइक में चाबी लगी है। मोबाइल भी रखा है, लेकिन सुनील नहीं था। हम राजापुर पुल पहुंचे। आसपास तलाश किया, लेकिन बेटे और दोनों बच्चों का पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी।