बीजेपी में लोकतंत्र, यह कम्युनिस्ट पार्टी नहीं’
भोपाल: मध्य प्रदेश बीजेपी के प्रदेश प्रभारी बिप्लब देव ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को मिलकर काम करने की नसीहत दी है. उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष से लेकर बूथ अध्यक्ष तक सभी को मिलकर काम करना है. जनता ने हमें सरकार में बैठाने का दायित्व सौंपा है, उसका निष्ठा के साथ पालन करना है. केन्द्र और राज्य सरकार की सभी योजनाओं को नीचे तक लेकर जाना और उसका फॉलोअप करना. उम्मीद है कि सभी मिलकर इस दिशा में काम करेंगे. सत्ता के लिए सत्ता में नहीं बैठे हैं, अंतिम व्यक्ति तक काम करने के लिए सत्ता में हैं.
कोर कमेटी की बैठक में नरोत्तम मिश्रा की गैरमौजूदगी को लेकर प्रदेश प्रभारी बिप्लब देव ने कहा “मेरी नरोत्तम मिश्रा से बात हुई है, सब कुछ सामान्य है. कोर कमेटी के जितने सदस्य थे, सभी शामिल थे. कोर कमेटी को अभी छोटा बनाया गया है, अभी इसको और बड़ा किया जाएगा. सभी लोग मिलकर काम करेंगे. जब बड़ा परिवार होता है तो आपस में मतभेद होते हैं, जहां मतभेद होता है वहीं लोकतंत्र होता है.”उन्होंने कहा, “मतभेद सार्वजनिक स्तर पर नहीं आने चाहिए, इसके बारे में स्पष्ट रूप से कह चुका हूं कि मध्य प्रदेश का हर कार्यकर्ता जानता है कि बीजेपी की संगठन की व्यवस्था क्या है.” मीडिया से चर्चा के दौरान पार्टी में नेताओं के बीच समन्वय न बनने के सवाल पर प्रदेश प्रभारी बिप्लब देव ने कहा, “बीजेपी में लोकतंत्र है, यह कम्युनिस्ट पार्टी नहीं है कि जो तय हुआ वही बोलेंगे. यह परिवार तंत्र भी नहीं है. शालीनता बीजेपी की सबसे बड़ा उपहार है, उसको सभी लोग मिलकर मेंटेन करेंगे, इसको करना जरूरी है. जैसा हम व्यवहार करेंगे, जनता भी वैसे ही व्यवहार हमारे साथ करेगी. छोटा और बड़ा नेता कुछ नहीं होता, सिर्फ तर्जुबा बड़ा छोटा होता है. सभी मिलकर काम करेंगे, इससे संगठन सरकार और जनता को लाभ होगा.”
‘मैं सिर्फ सिखाने के लिए नहीं आया’
प्रदेश प्रभारी बिप्लब देव ने दो दिन के दौरे में प्रदेश स्तर पर पदाधिकारियों की बैठक की है. हालांकि उन्होंने साफ कर दिया है कि आने वाले समय में वे बूथ तक पहुंचेंगे. उन्होंने कहा, “वे संगठन के व्यक्ति ही रहे हैं. संगठन के लोगों के साथ बैठना, बात करना और उनसे सीखना होता है. मैं सिर्फ सिखाने के लिए नहीं आया. बूथ पर बैठे कार्यकर्ता के पास भी बहुत कुछ होता है जो सीखने लायक होता है. मैं गांव और बूथ तक पहुंचता रहा है और आगे भी सभी स्थानों पर पहुंचने की कोशिश रहेगी.”
