मुख्यमंत्री ने बहनों पर की पुष्प वर्षा, बंधवाई राखियां
मैहर : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि बहन-बेटियां हमारे घर-आंगन की रौनक हैं। बहन-बेटियों का मान-सम्मान और इनका आर्थिक सशक्तिकरण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन तो साल में एक बार आता है, लेकिन हमारी सरकार हर महीने बहनों से उनकी रक्षा का वादा पूरा कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारी लाड़ली बहनों को हर महीने सौगात मिल रही है। उन्होंने कहा कि शारदा मां के आशीर्वाद से मैहर अद्भुत स्थान है। बुंदेलखंड की वीरता के प्रतीक आल्हा-ऊदल मां शारदा के अनन्य भक्त हैं। हमारी भारतीय संस्कृति में उदारता और रिश्तों का सम्मान करने की परम्परा है। हम वसुधैव कुटुम्बकम के भाव से पूरे विश्व को अपना परिवार मानते हैं। हमने आज ही मैहर से प्रदेश की सभी लाड़ली बहनों को नैहर की नेग दिया गया है। मुख्यमंत्री राज्यस्तरीय लाड़ली बहना सम्मेलन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के कार्यकाल में भारतीय सेना बहनों के मान-सम्मान की रक्षा के लिए सशक्त बनी है। रक्षाबंधन का धागा भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक है। राज्य सरकार बहनों के सम्मान से कभी समझौता नहीं करती है। लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत हर माह बहनों का राशि भेजी जा रही है। प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख लाड़ली बहनों का आशीर्वाद सरकार को मिल रहा है। हर साल रक्षाबंधन से पहले बहनों को 250 रुपए का शगुन भी भेजा जा रहा है। डॉ. यादव ने कहा कि हमारी बहनें अपने जीवन में माता-पिता के घर को संवारती हैं और विवाह के बाद पूरे ससुराल की जिम्मेदारी अपने ऊपर उठा लेती हैं। बहनों का यह त्याग वंदनीय है। भारतीय संस्कृति में मां-बेटियां परिवारों की धुरी हैं। माताएं अपनी चिंता नहीं कर पूरे परिवार का ख्याल रखती हैं। राज्य सरकार ने अगले 5 साल तक लाड़ली बहनों को राशि देने का निर्णय कैबिनेट में लिया है। अगले 5 वर्ष में 1 लाख 14 हजार करोड़ रुपए से अधिक राशि बहनों को मिलेगी। लाड़ली बहना योजना की राशि परिवार की छोटी-मोटी जरूरतें पूरी हो जाती हैं। राज्य सरकार बहनों को सशक्त बनाने के लिए हर संभव कार्य कर रही है। हमारी बहनें स्व-सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं। रोजगार परक उद्योगों में काम करने पर बहनों को वेतन में पाँच हजार रुपए अलग से लाभ दिया जाएगा।
भावी पीढिय़ों को नशे से बचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने महाकाल के महाकाल लोक के बाद प्रदेशभर में देवस्थानों के विकास का संकल्प लिया है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में श्रीराम वन गमन पथ, चित्रकूट में मंदाकिनी नदी की धारा को अविरल रखने और विकास कार्यों के लिए 3 हजार करोड़ के कार्य मंजूर किए गए हैं। मैहर में 9 करोड़ रुपए की लागत से मां शारदा लोक निर्माण के पहले चरण का भूमि-पूजन आज हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नक्सलवाद के खात्मे के बाद अब नशे के खिलाफ अभियान चल रहा है। राज्य सरकार ने 19 धार्मिक स्थानों पर शराब दुकानें बंद की हैं। भावी पीढिय़ों को नशे से बचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। नशे से पीढिय़ां बर्बाद हो जाती हैं। परिवार के सदस्य बच्चों को नशे से दूर रखने और उनके बेहतर भविष्य के लिए बच्चों से संवाद हमेशा बनाए रखें।
किसानों को दिन में भी सिंचाई के लिए बिजली मिलेगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसान कल्याण वर्ष में लगातार सिंचाई का रकबा बढ़ा रही है। विंध्य क्षेत्र को किसानों को बरगी नहर के पानी का लाभ मिलेगा। किसानों को रात के साथ दिन में भी सिंचाई के लिए बिजली मिलेगी। किसानों की आय बढ़ाने के लिए गौपालन और पशुपालन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार ने लोकसभा और विधानसभा में बहनों के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने के लिए संकल्प पारित किया है। डॉ. यादव ने कहा कि मैहर में 25 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक स्टेडियम बनाया जायेगा। मैहर में एक बड़ा सर्व सुविधायुक्त अस्पताल बनाया जाएगा। लाड़ली बहना सम्मेलन में आईं आल्हा गायकों की सभी समितियों को 25-25 हजार रुपए का नगद पुरस्कार दिया जाएगा।