पहाड़ी राज्यों में मानसून का कहर


जम्मू-कश्मीर में बारिश से अब तक 23 की मौत
घाटी से पूर्वोत्तर तक भूस्खलन-बाढ़ ने मचाई तबाही
नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश, भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ के कारण सोमवार को बारिश से जुड़ी घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढक़र 23 हो गई। वहीं, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी मूसलाधार बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सबसे अधिक प्रभावित जम्मू-कश्मीर रहा, जहां जम्मू संभाग में बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक महिला और उसके दो बच्चे भी शामिल हैं। पिछले दो दिनों में राज्य में बारिश से जान गंवाने वालों की संख्या बढक़र 23 हो गई है।
अधिकारियों के अनुसार, पुंछ और राजौरी के बाढ़ प्रभावित इलाकों में सात लोग अब भी लापता हैं। लगातार बारिश के कारण दिन में राहत और बचाव कार्य प्रभावित रहा। हालांकि मौसम में कुछ सुधार होने पर अभियान तेज किया गया, लेकिन देर शाम तक लापता लोगों का कोई पता नहीं चल सका। पुंछ जिले के लोरान के ऊपरी इलाके में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन से मिट्टी का मकान ढह गया। इस हादसे में एक महिला और उसके दो बच्चों समेत सात लोग मलबे में दबकर मौत का शिकार हो गए।
उत्तराखंड में भी हालात खराब
उत्तराखंड में लगातार बारिश से हुए भूस्खलन के कारण करीब 150 सडक़ें बंद हो गईं, जिनमें चार राष्ट्रीय राजमार्ग भी शामिल हैं। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने सोमवार को चारधाम यात्रा अस्थायी रूप से रोक दी। अधिकारियों ने कहा कि मार्ग सुरक्षित होने और हालात सामान्य होने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी। बागेश्वर जिले के कपकोट क्षेत्र में सरयू नदी में एक आठ वर्षीय बच्चा बह गया।
भारी बारिश से गुवाहाटी बेहाल, असम के 12 जिलों में बाढ़
असम में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो गई है। राज्य के 12 जिलों में 1.70 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। वहीं, सोमवार सुबह हुई मूसलधार बारिश से राजधानी गुवाहाटी के कई हिस्से जलमग्न हो गए, जिससे यातायात और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *