हमें सुरक्षित भारत के लिए काम करना होगा
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अगर सनातन सुरक्षित है, तो हम सब सुरक्षित हैं। आदित्यनाथ ने कहा कि कब्रिस्तान के लिए बाउंड्री वॉल बनाना सेक्युलरिज्म का पैमाना बन गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के दौरान कांवड़ यात्रा, जन्माष्टमी समारोह, रामनवमी जुलूस और दुर्गा पूजा पंडालों पर रोक लगाना भी सेक्युलरिज्म की पहचान बन गया था। उन्होंने कहा कि हमें इस तरह के सेक्युलरिज्म को जड़ से खत्म करना होगा और सनातन की मजबूत जमीन पर एक सुरक्षित भारत बनाने की दिशा में आगे बढऩा होगा। हमें सुरक्षित भारत के लिए काम करना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले व्यापारियों को लूटने के लिए देसी पिस्तौल और बमों का इस्तेमाल किया जाता था आज लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइलें बन रही हैं। एक बार जब इसे दागा जाता है, तो पाकिस्तान से लेकर उसके आकाओं तक सबकी नींद उड़ जाती है। उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा सरकार में ‘बेटियां और व्यापारी दोनों सुरक्षित हैं’। आदित्यनाथ ने कहा कि यह हमारा फर्ज है कि हम उन सभी महान हस्तियों का सम्मान करें, जिन्होंने देश के लिए योगदान दिया और खुद को सनातन के लिए समर्पित किया। हमें आज की पीढ़ी को उनकी महिमा और महानता के बारे में बताना चाहिए। हमें यह भी बताना चाहिए कि हमारा उज्ज्वल भविष्य सनातन की मजबूत नींव पर टिका है। हमारा भविष्य इस बात पर निर्भर करता है कि अगर सनातन सुरक्षित है, तो हम सब सुरक्षित हैं। और, अगर सनातन पर कोई ख़तरा आता है, तो कोई भी उससे बच नहीं पाएगा।
‘अगर सनातन सुरक्षित है तो हम सब सुरक्षित हैं’: योगी