विकसित भारत रोजगार योजना युवाओं और उद्योग के बीच सेतु का कार्य कर रही
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत लगभग 15 लाख लाभार्थियों के लिए 2,400 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि वितरित की। इस दौरान मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना पहली बार नौकरी तलाशने वाले युवाओं और उद्योग के बीच सेतु का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि सरकार नए रोजगार सृजित करने वाले नियोक्ताओं को प्रोत्साहित करती है। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के जरिये 70 लाख नौकरियां सृजित, लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिला। उन्होंने कहा कि सरकार, युवा और उद्योग जब मिलकर काम करते हैं तो रोजगार सृजन कई गुना बढ़ता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज दुनिया भारत की युवा शक्ति की चर्चा कर रही है। दुनिया भारत के युवाओं की क्षमता को पहचानने लगी है। और ऐसे समय में, हमारी कोशिश यह सुनिश्चित करना है कि भारत का हर युवा अपनी क्षमता को अवसर में बदल सके, और इसी सोच के साथ ‘प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना’ शुरू की गई। मोदी ने कहा कि अनुभव बताते हैं कि जब सरकार, युवा और उद्योग एक साथ आगे बढ़ते हैं, तो रोजगार निर्माण की गति कई गुना बढ़ जाती है। पीएम विकसित भारत रोजगार मेला योजना, इसी नए भारत की पहचान है। एक ऐसा भारत, जहां युवा को अवसर मिले, उद्योग को प्रोत्साहन मिले और रोजगार निर्माण एक राष्ट्रीय अभियान बन जाए। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का रास्ता युवाओं के सपनों, उनके कौशल और उनके सामर्थ्य से होकर जाता है। भारत जैसे युवा देश में अवसरों के स्रोत जितने अधिक होंगे युवाओं के सपनों को उतनी ही अधिक उड़ान मिलेगी। इसी सोच के साथ बीते 12 वर्षों में रोजगार के हर रास्ते को मजबूत किया गया है। पीएम ने कहा कि दुनिया भविष्य की अर्थव्यवस्था के लिए तैयार हो रही है और भारत भविष्य की अर्थव्यवस्था का नेतृत्व करने की तैयारी कर रहा है। दुनिया फ्यूचर टेक्नोलॉजी की ओर आगे बढ़ रही है और भारत अपने युवाओं को फ्यूचर रेडी बनाने में जुटा है। यही भारत के युवाओं के लिए सबसे बड़ा अवसर है, और हमें इस अवसर का पूरा लाभ उठाना है।
प्रधानमंत्री ने 2,400 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि वितरित की