कर्नाटक सीएम पद से सिद्धारमैया ने दिया इस्तीफा


बोले- आलाकमान ने जो कहा वो किया
बेंगलुरु: कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने गुरुवार को यहां लोक भवन में राज्यपाल के विशेष सचिव को अपना इस्तीफा सौंप दिया. राज्यपाल थावरचंद गहलोत की अनुपस्थिति में विशेष सचिव प्रभु शंकर ने इस्तीफा ग्रहण किया. गहलोत व्यक्तिगत कारणों से अपने मूल स्थान इंदौर में हैं. जब सिद्धारमैया ने राज्यपाल के विशेष सचिव को अपना इस्तीफा सौंपा तब उनके साथ उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार और अन्य मंत्रिमंडल सहयोगी मौजूद थे. इस्तीफा सौंपने के बाद सिद्धारमैया ने कहा मैंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है . चूंकि राज्यपाल थावरचंद गहलोत शहर में नहीं हैं, इसलिए मैंने अपना त्यागपत्र उनके विशेष सचिव को सौंप दिया.
सिद्धारमैया ने कहा मैंने बार-बार कहा था कि जब भी आलाकमान मुझे मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने को कहेगा, मैं इस्तीफा दे दूंगा. आलाकमान ने मुझे दो दिन पहले पद छोडऩे का निर्देश दिया था, जिसके अनुसार मैंने अपना इस्तीफा सौंप दिया. उन्होंने कहा मुझे पूरा विश्वास है कि राज्यपाल संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार मेरा इस्तीफा स्वीकार कर लेंगे. मुझे दो बार कर्नाटक के लोगों की सेवा करने का मौका मिला, मैं सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खडग़े को धन्यवाद देता हूं. मुख्यमंत्री ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि राजनीति में आना उनके लिए एक अचानक लिया गया फैसला था। हालांकि सिद्धारमैया ने मंत्रियों की ब्रेकफास्ट मीटिंग में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के अपने फैसले की घोषणा की थी. इससे पहले सीएम ने कैबिनेट के सभी मंत्रियों को अपने आवास पर बैठक के लिए नाश्ते पर बुलाया. मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने दिल्ली में हाईकमान के साथ हुई मीटिंग के बारे में मंत्रियों के साथ थोड़ी जानकारी शेयर की.सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक राज्य में सीएम के इस्तीफे की स्थिति काफी हद तक साफ हो गई है. मुख्यमंत्री कार्यालय ने भी चुपके से इसकी पुष्टि कर दी है. वहीं, खबर मिली है कि राज्यपाल थावरचंद गहलोत सुबह किसी काम से मुंबई रवाना हो गए हैं. सूत्रों से यह भी पता चला है कि कर्नाटक की नई सरकार में करीब 4 डिप्टी सीएम हो सकते हैं. इनके नाम भी लगभग फाइनल हो गए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *