राहुल गांधी की भाषा घटिया मानसिकता को दर्शाती है
हैदराबाद । केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई टिप्पणियों की आलोचना करते हुए कहा कि ऐसी भाषा घटिया मानसिकता को दर्शाती है और जनता इसे माफ नहीं करेगी। चौहान ने कहा कि यह घटिया मानसिकता का संकेत है जिसे पूरी दुनिया सम्मानित कर रही है और कई देशों से सर्वोच्च सम्मान प्राप्त हुआ है।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री जिन्हें पूरी दुनिया सम्मानित कर रही है और जिन्हें कई देशों से सर्वोच्च सम्मान प्राप्त हुए हैं, उनके खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग करने के लिए जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी। राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता हो सकती है लेकिन ऐसी भाषा का प्रयोग कभी नहीं किया जाना चाहिए। पूरी दुनिया उनके नेतृत्व की प्रशंसा कर रही है और देश उनके साथ खड़ा है। तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन रामचंद्र राव ने कहा कि राजनयिक संबंधों में उपहारों का आदान-प्रदान एक सामान्य प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए उपहार का राजनीतिकरण करना राहुल गांधी की घोर गैरजिम्मेदाराना हरकत है।
राहुल अपने बयानों में लगातार नकारात्मक मानसिकता व्यक्त कर रहे :गोयल
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी की आलोचना करते हुए कहा कि वैश्विक समुदाय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भरोसा करता है जबकि गांधी अपने बयानों में लगातार नकारात्मक मानसिकता व्यक्त कर रहे हैं। गोयल ने कहा कि राहुल गांधी के भाषणों और बयानों में उनकी हताशा झलकती है और जनता ने उन्हें बार-बार नकार दिया है। उन्होंने कहा कि एक तरफ तो पूरी दुनिया भारत और प्रधानमंत्री को बड़े भरोसे की नजर से देखती है। दूसरी तरफ, नकारात्मक सोच वाले राहुल गांधी अपने बयानों और भाषणों में बार-बार अपना यही स्वभाव और चरित्र दिखा रहे हैं। गोयल ने राहुल गांधी की भाषा को कमजोरी का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह स्पष्ट है कि राहुल गांधी जिस शब्दावली का इस्तेमाल करते हैं, उसे अंग्रेजी में ‘गालियां कमजोरों का हथियार होती हैं’ कहा जाता है।
कांग्रेस माओवादी, मुस्लिम कांग्रेस बन गई : गिरिराज
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि देश में राहुल गांधी की पकड़ कमजोर हो गई है। अब कांग्रेस वैसी नहीं रही जैसी आजादी के समय थी। यह माओवादी, मुस्लिम कांग्रेस बन गई है। उन्होंने कहा कि इन लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी को गाली दी है। चाहे वे कितनी भी गाली दें, देश की जनता प्रधानमंत्री मोदी से प्यार करती है। राहुल गांधी पर व्यक्तिगत रूप से निशाना साधते हुए सिंह ने कहा कि वे भ्रष्टाचार के दलदल में फंसे हुए हैं, जमानत पर हैं, और उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के लिए जिस भाषा का इस्तेमाल किया है, वह विपक्ष के नेता के लिए उपयुक्त नहीं है।
प्रधानमंत्री के अपमान पर जनता माफ नहीं करेगी :शिवराज