गोहत्या से बचें मुसलमान :इमाम


कोलकाता। कोलकाता की प्रसिद्ध नखोदा मस्जिद के इमाम ने मुसलमानों से अपील की कि वे गाय की कुर्बानी से बचें, ताकि हिंदू समुदाय की भावनाओं का सम्मान किया जा सके। मौलाना मोहम्मद शफीक कासमी ने कहा अगर सरकार जरूरी सुविधाएं नहीं दे सकती, तो उसे गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करना चाहिए और गाय की हत्या और गोमांस निर्यात पर पूरी तरह रोक लगानी चाहिए।
मौलाना कासमी ने कहा कि सरकार को हर जगह बूचडख़ाने बनाने चाहिए और हर बाजार में पशु चिकित्सक उपलब्ध कराने चाहिए। उन्होंने कहा अगर सरकार यह व्यवस्था नहीं कर सकती, तो उसे गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करना चाहिए और पूरे देश में गोहत्या और बूचडख़ानों के संचालन पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा देना चाहिए। कासमी ने कहा कि मुस्लिम समुदाय को उन चीजों से बचना चाहिए, जो दूसरे धर्मों की भावनाओं को ठेस पहुंचा सकती हैं। उन्होंने कहा हम अपने मुस्लिम भाइयों से अपील करते हैं गाय की कुर्बानी न करें क्योंकि इससे हमारे हिंदू भाइयों की भावनाएं आहत होती हैं। उन्होंने कहा कि इसकी जगह बकरी की कुर्बानी दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने मुसलमानों को कुछ स्वतंत्रता दी थी। लेकिन उन्होंने इसका स्थायी समाधान नहीं दिया। यह सरकार केवल कानून को सख्ती से लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि माइक्रोफोन पूरी तरह हटाने का कोई नियम नहीं है और उन्होंने मस्जिद समितियों से अपील की कि वे प्रशासन के साथ सहयोग करें और सुनिश्चित करें कि माइक्रोफोन का उपयोग तय ध्वनि सीमा से अधिक न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *