नई दिल्ली
:देशभर में भीषण गर्मी ने विकराल रूप ले लिया है और सूर्यदेव आग उगलते नजर आ रहे हैं। कई राज्यों में पारा 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है, लू के थपेड़े लोगों को झुलसा रहे हैं और जनजीवन पर सीधा प्रहार कर रहे हैं। चाहे राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली हो या फिर उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र या फिर ओडिशा। गर्मी के इस भीषण कहर से देश का लगभग-लगभग सभी राज्य बेहाल है। आम तौर पर मध्य मई से शुरू होने वाली गर्मी इस बार अलग प्रकार से कहर ढाने में लगी है। तभी तो अप्रैल से ही तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है। लू के थपेड़े लोगों को झुलसा रहे हैं और दोपहर में बाहर निकलना खतरे से खाली नहीं। मौसम विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि हालात और बिगड़ सकते हैं, ऐसे में सतर्क रहना बेहद जरूरी है।
देश में बढ़ती गर्मी को लेकर भारत मौसम विज्ञान विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में कई जिलों में तापमान और बढ़ सकता है। तेज गर्मी के कारण लोगों की सेहत पर असर पडऩे का खतरा भी बढ़ गया है। डॉक्टरों का कहना है कि ज्यादा गर्मी में शरीर जल्दी पानी और जरूरी नमक खो देता है, जिससे डिहाइड्रेशन हो सकती है। अगर समय रहते ध्यान न दिया जाए तो चक्कर आना, कमजोरी, मांसपेशियों में दर्द और गंभीर स्थिति में हीट स्ट्रोक तक हो सकता है। सामान्य तौर पर शरीर का तापमान करीब 36.9 डिग्री सेल्सियस होता है। जब बाहर का तापमान इससे ज्यादा हो जाता है, तो शरीर गर्मी को झेलने के लिए पसीना निकालता है। लेकिन ज्यादा देर तक गर्मी में रहने पर यह सिस्टम काम करना बंद कर सकता है और शरीर बीमार पड़ सकता है। डॉक्टरों के मुताबिक अगर मुंह सूखना, गहरे रंग का पेशाब, चक्कर आना, कमजोरी या मांसपेशियों में खिंचाव महसूस हो, तो यह डिहाइड्रेशन के संकेत हो सकते हैं। देश में बढ़ती गर्मी के बीच मौसम विभाग के वैज्ञानिक नरेंश कुमार ने कहा कि एक पश्चिमी विक्षोभ बन रहा है, जिसके कारण कल से तापमान में धीरे-धीरे कमी आ सकती है। इसका असर पहले हिमालयी क्षेत्रों में दिखेगा और फिर मैदानों में भी महसूस होगा।
दिल्ली-एनसीआर में तापमान 42-44 डिग्री
कुमार ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर में आज तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मध्य भारत में भी गर्मी से राहत परसों के बाद मिलने की उम्मीद है। वहीं उत्तर-पश्चिम भारत में कल से हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। आईएमडी ने दिल्ली-एनसीआर के लिए परसों के दिन येलो अलर्ट भी जारी किया है। इसका मतलब है कि लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है, क्योंकि मौसम में बदलाव हो सकता है। दिल्ली में इस समय कई दिनों से आसमान से आग बरस रही है। दिन के साथ रातें भी लगातार गर्म हो रही हैं। राजस्थान में गर्मी का असर लगातार तेज होता जा रहा है। राज्य के कई अन्य शहरों में भी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया और अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के नोडल अधिकारी अजय मिश्रा ने बताया कि वर्ष 1971 से 2026 तक अप्रैल माह में अधिकतम पारा इतना कभी नहीं गया।