टीएमसी के गुंडे सडक़ पर पंचर बनाएंगे :आदित्यनाथ

कोलकाता

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 4 मई के बाद टीएमसी के गुंडे सडक़ पर पंचर बनाएंगे। योगी ने कहा कि बंगाल में ममता दीदी जय श्रीराम और हर-हर महादेव का नारा लगाने पर नाराज हो जाती हैं। उन्हें सत्ता हिलती हुई दिखती है। आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में जय श्रीराम बोलने पर प्रतिबंध नहीं होगा। लेकिन, सडक़ों पर इफ्तारी की दावत जरूर बंद हो जाएगी।
सीएम ने कहा कि 2017 में यूपी में डबल इंजन की सरकार आई, तबसे गुंडागर्दी और दंगे खत्म हो गए। बेटी और व्यापारी सुरक्षित हैं। लव जिहाद और लैंड जिहाद प्रतिबंधित है। उन्होंने नारा दिया- गो-माता को कटने नहीं देंगे। हिंदुओं को बंटने नहीं देंगे। आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी में आज कोई गो-माता की हत्या नहीं करता और करेगा तो फिर भुगतेगा भी। कोई माफिया किसी व्यापारी को धमकी नहीं दे सकता। किसी व्यापारी की संपत्ति पर कब्जा नहीं कर सकता। अगर करेगा तो यूपी का बुलडोजर उसकी हड्डी-पसली एक कर देगा। आदित्यनाथ ने कहा कि ममता बनर्जी एससी-एसटी विरोधी हैं। उन्होंने कहा कि एक जन जाति की बहन बेटी इनसे बर्दाश्त नहीं है। प्रोटोकॉल भी फालो नहीं किया और उनके कार्यक्रम में नहीं आई। आदित्यनाथ ने हुगली में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बंगाल अब बदलाव चाहता है और टीएमसी की राजनीति तुष्टिकरण पर आधारित है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में घुसपैठ को बढ़ावा दिया जा रहा है और कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब हो चुकी है। योगी आदित्यनाथ ने कहा ‘बंगाल की डेमोक्रेसी को बदला जा रहा है। ममता दीदी सडक़ों पर नमाज पढ़वाती हैं और इफ्तारी की दावत कराती हैं। कोई भी हिंदू पर्व-त्योहार होने पर कर्फ्यू रहता है, सरेआम हत्या होती है, लव और लैंड जिहाद की घटनाएं घटित हो रही हैं, लेकिन टीएमसी मौन है।’ योगी ने अपने भाषण में कहा कि पहले चरण के मतदान के बाद टीएमसी में घबराहट है और अब जनता बदलाव के मूड में है। उन्होंने दावा किया कि चुनाव परिणामों के बाद बंगाल में बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *