कमिश्नर ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग से की प्रमुख योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा
स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के लिए विशेष प्रयास करें – कमिश्नर
रीवा
कमिश्नर बीएस जामोद ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से शासन की प्रमुख योजनाओं तथा कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की समीक्षा की। कमिश्नर ने कहा कि सभी कलेक्टर तथा अन्य राजस्व अधिकारी लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण पर विशेष ध्यान दें। नियमित सुनवाई करके प्रकरणों का निराकरण कराएं। बंटवारा, सीमांकन तथा नामांतरण के प्रकरण तय समय सीमा में निराकृत करें। सभी जिलों में 15 अप्रैल से समर्थन मूल्य पर गेंहू का उपार्जन शुरू हो गया है। सभी खरीदी केन्द्रों में उपार्जन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं कराएं। राजस्व अधिकारी खरीदी केन्द्रों एवं उचित मूल्य दुकानों का नियमित रूप से निरीक्षण करें। उपार्जन के लिए किसानों द्वारा दर्ज रकबे का बारीकी से सत्यापन कराएं।
कमिश्नर ने कहा कि कलेक्टर्स शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं पर विशेष ध्यान दें। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने तथा संभाग के सभी जिलों के स्वास्थ्य सूचकांक में सुधार के लिए विशेष प्रयास करें। स्वास्थ्य विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी जिला, विकासखण्ड और ग्राम स्तर पर समन्वित प्रयास करके गर्भवती महिलाओं के पंजीयन, नियमित स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण तथा कुपोषण पर नियंत्रण के प्रयासों को कारगर बनाएं। पोषण पुनर्वास केन्द्रों में उपलब्ध बेडों में शत-प्रतिशत बच्चों की भर्ती रहे। गर्भवती महिलाओं के समय पर पंजीयन, नियमित जाँच तथा एनिमिक गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य रक्षा के लिए उचित प्रबंध करें। हमारे प्रयासों से स्वास्थ्य विभाग के आंकड़े ही नहीं बेहतर होंगे, कई पीडि़तों के जीवन की भी रक्षा होगी। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी अपने मूल कार्य पर ध्यान दें। मैदानी अमले को सक्रिय करके आमजनों को उपचार सेवाएं उपलब्ध कराएं। लापरवाही बरतने वालों पर कड़ी कार्यवाही करें। कमिश्नर ने परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग चित्रकूट परियोजना तथा पर्यवेक्षक के विरूद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
कमिश्नर ने कहा कि सभी स्कूलों और आंगनवाड़ी केन्द्रों में बिजली तथा नल का कनेक्शन कराएं। इनमें पानी के भण्डारण की भी समुचित व्यवस्था करें। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत गत वर्ष के अधूरे कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराएं। इस अभियान में जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा आमजनों की भी भागीदारी सुनिश्चित करें। जल संरक्षण और संवर्धन का कार्य भावी पीढ़ी को जीवन का उपहार देने का कार्य है। संकल्प से समाधान अभियान में शेष बचे आवेदन पत्रों का दो दिवस में निराकरण कराएं। कलेक्टर्स अमान्य आवेदन पत्रों का पुन: परीक्षण भी करा लें। बैठक में कमिश्नर ने एचपीवी टीकाकरण, आंगनवाड़ी केन्द्र भवनों के निर्माण, पेयजल व्यवस्था, 108 एंबुलेंस की सेवाओं को बेहतर करने तथा ई आफिस के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से कलेक्टर रीवा नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, कलेक्टर सीधी विकास मिश्रा, कलेक्टर सिंगरौली गौरव बैनल, कलेक्टर मऊगंज संजय कुमार जैन, कलेक्टर मैहर विदिशा मुखर्जी तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सतना शैलेन्द्र सिंह और अन्य अधिकारी शामिल हुए।
क्रमांक-117-1012-उमेश तिवारी-फोटो क्रमांक 14 से 17 संलग्न है।