बीजेपी कार्यकर्ताओं ने अनेक कठिनाइयों को झेला है
नई दिल्ली : पीएम नरेंद्र मोदी ने भाजपा स्थापना दिवस के मौके पर बीजेपी कार्यकर्ताओं को वर्चुअल तरीके से संबोधित किया। मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बीजेपी के दो प्रमुख मुद्दे समान नागरिक संहिता और एक राष्ट्र-एक चुनाव अभी लागू नहीं हुए हैं। उन पर सकारात्मक चर्चा जारी है।
अपने संबोधन में पीएम ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एकमात्र ऐसा राजनीतिक दल है जहां पार्टी को अपनी मां माना जाता हैं। उन्होंने कहा “पार्टी का स्थापना दिवस हमारे लिए ये केवल राजनीतिक आयोजन नहीं होता। ये हम कार्यकर्ताओं के लिए एक भावुक अवसर होता है। ये दिन हमें पार्टी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का मौका देता है कि पार्टी ने हमें राष्ट्र सेवा का सौभाग्य दिया।”मोदी ने कहा “एक दौरा ऐसा था जब भाजपा के पास किसी कोने में दूर-दूर तक सत्ता का नामों निशान नहीं था। न कोई संसाधन और न कोई सुविधा थी। उस समय भाजपा कार्यकर्ता के लिए कहा जाता था कि उसका एक पैर रेल में और दूसरा जेल में होता था। जनता के साथ जुडऩे के लिए भाजपा कार्यकर्ता एक शहर से दूसरे शहर भागता रहता था, दौड़ता रहता था और जनता से जुड़े मुद्दे उठाने के लिए जेल जाने में भी संकोच नहीं करता था। उस कठिन समय में भी भाजपा कार्यकर्ताओं के पास सबसे बड़ी चीज- आने वाले भविष्य पर भरोसा थी। मोदी ने कहा कि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने अनेक कठिनाइयों को झेला है, चाहे आपातकाल के दौरान हो या कांग्रेस शासन में दमन हुआ हो। मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि भाजपा हर चुनौती का सामना करने के लिए प्रतिबद्ध है और अतीत में हासिल किए गए सकारात्मक परिणाम भविष्य के प्रयासों का मार्गदर्शन करते रहेंगे। मोदी ने कहा कि हमारा मिशन अभी भी जारी है।”
कांग्रेस राजनीति छोडक़र महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन करे
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पार्टी से महिला आरक्षण विधेयक में प्रस्तावित संशोधन का पूर्ण समर्थन करने का आह्वान किया हैै। असम में एक रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि विपक्ष को इस मुद्दे का राजनीतिकरण करने से बचना चाहिए। संसद का विशेष सत्र 16, 17 और 18 अप्रैल को होगा, जिसमें 2029 के लोकसभा चुनावों से महिलाओं के लिए एक तिहाई आरक्षण लागू करने पर चर्चा होगी। मोदी ने उम्मीद जताई कि इस फैसले को सर्वसम्मति से मंजूरी मिल जाएगी। उन्होंने महिला आरक्षण के एजेंडे में कई वर्षों की देरी के लिए कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम जो संसद और असम विधानसभा दोनों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करता है भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के सत्ता में रहते हुए पारित किया गया था। मोदी के अनुसार इस संशोधन से यह सुनिश्चित होगा कि 2029 के चुनावों तक लोकसभा सांसदों में कम से कम 33 प्रतिशत महिलाएं हों। उन्होंने कहा कि मैंने कांग्रेस से भी आग्रह किया है कि वह इस पर राजनीति न करे, बल्कि संशोधन को पूरा समर्थन दे ताकि महिलाओं के पक्ष में सर्वसम्मति से निर्णय लिया जा सके।
कांग्रेस ने वही गीत गाया जो पाकिस्तान ने लिखा
प्रधानमंत्री ने कहा कि जहां उनकी सरकार ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसे साहसिक कदम उठाए हैं वहीं कांग्रेस देशहित को दरकिनार कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा से पड़ोसी देश पाकिस्तान की धुन पर नाचती रही है, जिससे राष्ट्र की सुरक्षा से समझौता होता है। कांग्रेस ने हमेशा पाकिस्तान के एजेंडे को प्राथमिकता दी है। मोदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान कांग्रेस ने वही गीत गाया जो पाकिस्तान ने लिखा था। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ‘यह पाकिस्तान कनेक्शन हमेशा देश पर भारी पड़ता है और हम ऐसा कभी नहीं होने दे सकते।’
भाजपा के स्थापना दिवस पर पीएम ने बताया आगे का प्लान, यूसीसी और एक देश-एक चुनाव होगा अगला मिशन: मोदी