4 मई के बाद चुन-चुनकर हिसाब होगा
बड़े से बड़ा गुंडा क्यों न हो, न्याय पक्का
कूच बिहार : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंगाल की टीएमसी सरकार पर हमला बोला. उन्होंने कूच बिहार के ब्रिगेड ग्राउंड में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जब न्यायिक अधिकारी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो टीएमसी शासन में आम लोगों की सुरक्षा की उम्मीद कैसे की जा सकती है? मालदा में न्यायिक अधिकारियों का घेराव टीएमसी के ‘महा जंगलराज’ का उदाहरण है. उन्होंने कहा कि टीएमसी बंगाल की न्याय व्यवस्था को नष्ट करने पर तुली हुई है. उन्होंने कहा हम ऐसी सरकार से बंगाल की जनता की सुरक्षा की उम्मीद नहीं कर सकते.
पीएम ने कहा कि टीएमसी के पापों का घड़ा अब भर गया है, पूरा बंगाल ‘बदलाव’ की गूंज से गूंज रहा है. उन्होंने कहा, टीएमसी की कट मनी संस्कृति और ‘भोय’ का मुकाबला करने के लिए, लोगों के पास बीजेपी का ‘भरोसा’ है. मोदी ने घुसपैठ का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एक तरफ घुसपैठ कराकर विदेशियों को बसाने और बंगाल की पहचान मिटाने का खतरा है। दूसरी तरफ बीजेपी का यह अटूट भरोसा है कि हम हर घुसपैठिये को बंगाल से बाहर निकालेंगे और सीमा को सुरक्षित करेंगे। उन्होंने लोगों से कहा कि अगर मतदान के दिन टीएमसी के गुंडे आपको डराने-धमकाने की कोशिश करें तो कानून पर भरोसा रखें, चुनाव के बाद टीएमसी द्वारा किए गए सभी अत्याचारों का हिसाब लिया जाएगा.टीएमसी ने बंगाल की प्रगति को नष्ट कर दिया है और राज्य को पिछडऩे पर मजबूर कर दिया है, लोगों की औसत आय में गिरावट आई है. टीएमसी नेता एसएससी घोटाले में शामिल थे, उन्होंने भ्रष्टाचार के जरिए राज्य को बर्बाद किया और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया. मोदी ने कहा बजट सत्र को इसलिए बढ़ाया गया है ताकि 33 प्रतिशत महिला आरक्षण कानून लागू किया जा सके, लोकसभा की सीटें बढ़ाई जाएंगी. मोदी ने कहा कि टीएमसी ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जानबूझकर रुकावट डाली है. उन्होंने दावा किया कि एसआईटी के काम में रुकावट डाली गई, जिससे सुप्रीम कोर्ट को मामले में दखल देना पड़ा. उन्होंने संदेशखाली की घटनाओं का जि़क्र करते हुए भरोसा दिलाया कि एक बार बंगाल में भाजपा की सरकार आ गई, तो महिलाओं की सुरक्षा की गारंटी दी जाएगी.
टीएमसी ने बंगाल को अंधेरे में धकेल दिया
पीएम ने कहा कि बदलती आबादी के कारण बंगाल के लोगों को अपनी ही जमीन पर आजादी खोने का डर सता रहा है। उन्होंने भरोसा दिया कि भाजपा बंगाल के लोगों को अपनी मिट्टी पर सिर उठाकर और गर्व के साथ जीने का आत्मविश्वास देगी। मोदी ने कहा कि टीएमसी ने बंगाल को अंधेरे में धकेल दिया है, जहां हर काम के लिए घूस देनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि टीएमसी ने बंगाल की कानून-व्यवस्था का जनाजा निकाल दिया है और जिस बंगाल में कभी लोग रोजगार की तलाश में आते थे, आज उसे पलायन का केंद्र बना दिया गया है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे इस डर के तंत्र को तोड़ें और भाजपा के उन्नति के मंत्र को चुनें।
प्रधानमंत्री ने टीएमसी सरकार पर बोला करारा हमला, बंगाल में संविधान की प्रक्रिया भी सुरक्षित नहीं : मोदी