पीओके के लोग चाहते हैं जनमत संग्रह’
श्रीनगर: ऑल इंडिया इमाम संगठन के प्रमुख डॉक्टर उमर अहमद इलियासी ने दावा किया कि पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाला कश्मीर बहुत जल्द भारत का हिस्सा बनने जा रहा है। उन्होंने इस पूरी प्रक्रिया को पीओके की ‘घर वापसी’ बताया है। पत्रकारों से मुखातिब होते हुए मुख्य इमाम इलियासी ने कहा कि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर भारत का एक अटूट अंग है। उन्होंने कहा कि वह दिन अब दूर नहीं जब यह फिर से भारत में शामिल हो जाएगा। इलियासी ने कहा कि आज वहां के हालात बेहद खराब हैं और वहां रहने वाले लोग खुद भारत के साथ आने को बेताब हैं।
डॉक्टर इलियासी ने दावा किया कि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के लोग अब घुटन महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वहां के नागरिक खुद चाहते हैं कि एक जनमत संग्रह कराया जाए, जिससे वे खुलकर अपनी आवाज बुलंद कर सकें। इलियासी ने दावा किया कि वहां के लोग भारत में शामिल होने की अपनी इच्छा को पूरी दुनिया के सामने रखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि साल 2019 में जब से केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाया है, तब से घाटी की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। उन्होंने कहा कि घाटी के विकास को देखकर सरहद पार यानी पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में रहने वाले लोगों की आंखें खुली हैं। वे देख रहे हैं कि भारत के कश्मीर में लोग कितनी तरक्की और शांति से रह रहे हैं, जबकि वे खुद कंगाली और बदहाली से जूझ रहे हैं। मुख्य इमाम ने कहा कि आज दुनिया बहुत तेजी से आगे बढ़ रही है। पीओके के लोग भी अब खाली वादों और गरीबी से तंग आ चुके हैं। वे भारत की इस शानदार विकास यात्रा का हिस्सा बनना चाहते हैं। यही वजह है कि वहां लगातार पाकिस्तान के खिलाफ आवाजें उठने लगी हैं।
पीओके बहुत जल्द भारत का हिस्सा होगा : मुख्य इमाम