कांग्रेस के लिए हमेशा अपना परिवार ही पहला रहा :मोदी

प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर किया वार
कांग्रेस के राजकुमार हार का शतक लगाएंगे
डिब्रूगढ़ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा “आजादी के बाद से ही कांग्रेस ने सत्ता के लिए असमिया पहचान को दांव पर लगाया है, कांग्रेस ने असम के हितों से हमेशा समझौता ही किया है। कांग्रेस का सबसे बड़ा पाप घुसपैठियों को मुख्यधारा में शामिल करने का रहा है। अपनी सत्ता को बचाए रखने के लिए, कांग्रेस ने यहां अवैध कब्जे होने दिए। बाहर से लोग आते थे और जहां मर्जी होती अपनी बस्ती बसा लेते थे। देखते ही देखते असम की लाखों बीघा जमीन अवैध कब्जे के तहत चली गई।
प्रधानमंत्री ने कहा “पूरा देश जानता है कि कांग्रेस, विकास विरोधी है। कांग्रेस, आजाद भारत में भ्रष्टाचार की जननी है। लेकिन असम में तो कांग्रेस ने ऐसे ऐसे पाप किये हैं जो सिर्फ असम की जनता जानती है। कांग्रेस ने असम की आत्मा, शान, पहचान और सुरक्षा से खिलवाड़ किया है।” मोदी ने कहा “एक समय था जब असम अपनी चाय के लिए विश्व प्रसिद्ध था। अब असम को दुनिया न केवल चाय के लिए बल्कि चिप के लिए भी पहचानेगी। वह दिन दूर नहीं जब असम के सेमीकंडक्टर संयंत्र से चिप का उत्पादन शुरू होगा। इससे असम आधुनिक प्रौद्योगिकी का एक प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा। आने वाले समय में, चाहे फोन हों, कार हों, टीवी हों या फ्रिज हों, ये सभी उत्पाद असम में बनी चिप्स पर चलेंगे। यही हमारा विकसित असम का रोडमैप है।” मोदी ने कहा अभी तक आपने हाइवे पर फाइटर जेट उतरते देखे। अब यहां ब्रह्मपुत्र के पानी के नीचे से भी गाडिय़ां गुजरेंगी। केंद्र सरकार ने ब्रह्मपुत्र के नीचे अंडर वॉटर टनल बनाने के निर्णय को स्वीकृति दे दी है। इस पर करीब साढ़े 18 हजार करोड़ रुपये खर्च किये जाएंगे।” उन्होंने कहा कि चाय असम की आत्मा है और यहां के चाय बागान परिवारों की मेहनत ने राज्य को वैश्विक पहचान दिलाई है। विपक्ष पर वार करते हुए मोदी ने कहा कि कांग्रेस के लिए हमेशा सत्ता की राजनीति और अपना परिवार ही पहला रहा है। दिल्ली में एक परिवार और एक परिवार यहां भी है। कांग्रेस के लिए इन्हीं परिवारों का हित सर्वोपरि है। कांग्रेस ने दशकों तक सरकारें चलाई हैं, लेकिन लोगों के स्वास्थ्य पर बिल्कुल ध्यान नहीं दिया। कांग्रेस असम में विदेशियों को बसाना चाहती है और यहां की मूल संतानों को अल्पसंख्यक बनाना चाहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *