सीएम के कार्यक्रम से लौट रही बस की ट्रक से टक्कर, 10 की मौत, 20 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल


जबलपुर। छिंदवाड़ा जिले के मोहखेड़ थाना अंतर्गत सेमरिया हनुमान मंदिर के पास गुरुवार शाम एक भीषण सडक़ हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के ‘हितग्राही सम्मेलन’ से लौट रही एक बस और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 20 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा शाम करीब 6:30 बजे उमरानाला इलाके में हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस और ट्रक के बीच सीधी भिड़ंत हुई। टक्कर के बाद यात्री बस के अंदर ही फंस गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना खौफनाक था कि एक यात्री का हाथ कटकर अलग हो गया वहीं कई यात्रियों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। मरने वालों में 6 पुरुष, 3 महिलाएं, 1 बच्चा शामिल है। बस में कुल 41लोग सवार थे। सभी हितग्राही सम्मेलन से लौट रहे थे। सभी को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बस छिंदवाड़ा में आयोजित हितग्राही सम्मेलन में शामिल होने गई थी जहां मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मौजूद थे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद बस यात्रियों को लेकर वापस उमरानाला की ओर जा रही थी, तभी रास्ते में यह काल बनकर आए ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। यह घटना नागपुर रोड पर सिमरिया के पास हुई, जो जि़ला मुख्यालय से लगभग 25 किलोमीटर दूर है। घायलों को एम्बुलेंस और अन्य गाडिय़ों से जि़ला अस्पताल और आस-पास के अन्य चिकित्सा केंद्रों में ले जाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *