नई दिल्ली। कमजोर होते जा रहे रुपये में लगातार हो रही गिरावट को लेकर राहुल गांधी ने कहा सरकार भले ही हालात सामान्य होने का दावा करे लेकिन सच्चाई कुछ और है। उन्होंने उद्योग जगत में इस्तेमाल किए जाने वाले ईंधन के महंगे होने का जिक्र करते हुए कहा कि ये महज आंकड़े नहीं आने वाली महंगाई के साफ संकेत हैं।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने चुनाव के बाद पेट्रोल और डीजल के साथ-साथ रसोई गैसकी कीमतों में भी उछाल की आशंका व्यक्त की है। उन्होंने कहा उत्पादन और ट्रांसपोर्ट महंगे होंगे। उन्होंने कहा एमएसएमई को सबसे ज्यादा चोट लगेगी, रोजमर्रा की चीजों के दाम बढ़ेंगे। आने वाले दिनों में शेयर बाजार पर असर पडऩे का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने विदेशी संस्थागत निवेशकों का भी उल्लेख किया। राहुल ने कहा कि एफआईआई का पैसा तेजी से बाहर जाएगा, जिससे शेयर बाजार पर दबाव बढ़ेगा। पश्चिम एशिया के मौजूदा हालात को लेकर केंद्र सरकार को घेरते हुए राहुल ने कहा कि हर परिवार की जेब पर इसका सीधा और गहरा असर पडऩा तय है। और यह सिर्फ वक्त की बात है चुनाव के बाद पेट्रोल, डीजल, एलपीजी की कीमतें भी बढ़ा दी जाएंगी।’ उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के पास न दिशा है, न रणनीति- सिर्फ बयानबाजी है। सवाल यह नहीं कि सरकार क्या कह रही है- सवाल यह है कि आपकी थाली में क्या बचा है।
हर जेब पर महंगाई का असर पडऩा तय:राहुल गांधी