रीवा
सुपर स्पेशलिटी अस्पताल रीवा में 12 मार्च को विश्व किडनी दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता श्याम शाह चिकित्सा महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. सुनील अग्रवाल ने की। इस अवसर पर अस्पताल के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ चिकित्सक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान डॉ. सुनील अग्रवाल ने पिछले एक वर्ष में अस्पताल में सफलतापूर्वक किडनी ट्रांसप्लांट कराने वाले मरीजों को सम्मानित किया। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि उप मुख्यमंत्री तथा स्वास्थ्य मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल जी के प्रयासों से रीवा में किडनी ट्रांसप्लांट संभव हो सका है, जिससे भविष्य में और भी जिंदगियां बचाई जा सकेंगी। सुपर स्पेशलिटी के अधीक्षक डॉ. अक्षय श्रीवास्तव ने बताया कि अस्पताल में आने वाले किडनी के रोगियों को किडनी स्वस्थ रखने के लिए चिकित्सकों द्वारा उचित परामर्श देने के साथ ही बेहतर इलाज प्रदान किया जाता है।
डॉ. पुष्पेन्द्र शुक्ला यूरोलॉजी विभाग एवं प्रभारी अंग प्रत्यारोपण ने जानकारी दी कि विगत वर्ष से अभी तक अस्पताल में 9 किडनी ट्रांसप्लांट सफलतापूर्वक किए जा चुके हैं। पूर्व में विंध्य क्षेत्र के मरीजों को ट्रांसप्लांट के लिए दूसरे शहरों में जाना पड़ता था। ये सभी ऑपरेशन शासन की आयुष्मान भारत योजना के तहत पूरी तरह नि:शुल्क किए गए हैं। इस वर्ष की थीम किडनी हेल्थ फॉर आल, केयरिंग फॉर पीपल, प्रोटेक्टिंग दल प्लैनेट पर चर्चा करते हुए नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. रोहन द्विवेदी ने बताया कि किडनी शरीर का अति महत्वपूर्ण अंग है, जिसकी कार्यप्रणाली की समय-समय पर जांच करानी चाहिए। बेहतर किडनी स्वास्थ्य के लिए अधिक पानी पीना और संतुलित आहार लेना अनिवार्य है। डॉ. रामचंद्र पटेल ने सचेत किया कि वायु और जल प्रदूषण भी किडनी खराब होने का कारण बन सकते हैं, इसलिए पर्यावरण की शुद्धता भी स्वास्थ्य के लिए जरूरी है। कार्यक्रम के अंत में डॉ. रोहन द्विवेदी ने उपस्थित समस्त नर्सिंग स्टाफ, डायलिसिस टेक्नीशियन और मीडिया कर्मियों का आभार व्यक्त किया।
क्रमांक-129-713-फोटो क्रमांक 06 संलग्न है।