प्रदेश के पर्यटन को प्रोत्साहित करेंगी क्वींस ऑन द व्हील्स की बहनें
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि हमारा प्रदेश अजब और गजब होने के साथ महिलाओं की सुरक्षा के लिए सजग भी है। निमाड़ की सादगी, मालवा की जीवंतता, बुंदेलखंड की शौर्यगाथा, बघेलखंड की लोक कलाएं, चंबल का गौरवशाली इतिहास और महाकौशल की सुंदरता हमारे प्रदेश की विशेषता है। प्रदेश में स्वच्छ प्राकृतिक वातावरण, सुरक्षित एवं धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार संकल्पित हैं। मुख्यमंत्री ने क्वीन्स ऑन द व्हील्स की 25 महिला सुपर बाइकर्स को इस यात्रा के लिए शुभकामनाएं और हर संभव सहयोग का भरोसा देते हुए मुख्यमंत्री निवास से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्वींस ऑन द व्हील्स 3.0 महिला बाइकिंग टूर मात्र बाइक रैली नहीं बल्कि नारी सशक्तिकरण, साहस और पर्यटन के माध्यम से मध्यप्रदेश की पहचान को दुनिया तक पहुंचाने का एक अनूठा अभियान है। डॉ. यादव ने देश के विभिन्न क्षेत्रों से आई बहनों का स्वागत करते हुए कहा कि बहनों की यह यात्रा प्रदेश के पर्यटन के साथ महिला सुरक्षा की एक मिसाल है, यह बदलते समाज की तस्वीर है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश निरंतर आगे बढ़ रहा है। देश भी सुरक्षित है और मध्यप्रदेश भी, महिला दिवस और रंगपंचमी से पहले प्रारंभ हुए ‘क्वींस ऑन द व्हील्स’ कार्यक्रम अंतर्गत महिला बाइकिंग टूर में देशभर से आईं बाइक राइडर बहनें म.प्र. पर्यटन के रंग बिखेरेंगी। यह टूर प्रदेश के समृद्ध व ऐतिहासिक पर्यटन गंतव्यों को देश-दुनिया में प्रचारित करने के उद्देश्य से आयेाजित किया गया है। यह यात्रा मध्यप्रदेश की बेटियों के लिए अद्वितीय, साहसपूर्ण और फलदायी सिद्ध होगी। डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में महिला सुरक्षा की गारंटी के रूप में यह टूर प्रारंभ किया जा रहा है। इसमें महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल जैसे विभिन्न राज्यों की 25 साहसी महिला बाइक राइडर्स शामिल हैं। यह यात्रा 7 से 13 मार्च तक चलेगी, जिसमें हमारी बहनें 1400 किलोमीटर की दूरी तय करेंगी। बाइकिंग टूर पर निकली बहनें प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल- सांची, उदयगिरी, चंदेरी, खजुराहो, कूनो नेशनल पार्क, ग्वालियर, मितावली, ओरछा और खजुराहो से होकर गुजरेंगी। यात्रा का समापन 13 मार्च को भोपाल में होगा। डॉ. यादव ने टूर में शामिल महिला राइडर्स को राइड के दौरान सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की बात कही। डॉ. यादव ने कहा कि जिला स्तर पर पुलिस प्रशासन द्वारा महिला राइडर्स के दल के ठहरने सहित सभी आवश्यक सुविधाओं का समन्वय किया जाएगा।
नारी सशक्तिकरण की दिशा में नई पहल-वर्किंग वुमेन हॉस्टल
मुख्यमंत्री ने कहा है कि मध्यप्रदेश में औद्योगिक विकास के साथ महिलाओं के सुरक्षित और सम्मानजनक कार्य परिवेश को सुनिश्चित करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में वर्किंग वुमेन हॉस्टल विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि राज्य औद्योगिक प्रोत्साहन नीति 2025 के अंतर्गत रोजगार सृजन को प्रोत्साहित करने के लिए प्रति कर्मचारी प्रति माह 5 हजार रुपए. की सहायता पांच वर्षों तक प्रदान की जा रही है, वहीं कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए पहले पांच वर्षों में नियुक्त प्रत्येक नए कर्मचारी के लिए 13 हजार रुपए की सहायता का प्रावधान किया गया है। इन पहलों का उद्देश्य महिलाओं के लिए अधिक रोजगार अवसर सृजित करना और उन्हें सुरक्षित आवासीय सुविधा उपलब्ध कराते हुए आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
प्रदेश महिलाओं की सुरक्षा के लिए सजग है : डॉ. यादव