प्री-बोर्ड परीक्षा देने जा रही थी, शराब पिलाकर किया था गलत काम
विंध्यभारत, रीवा। मऊगंज जिले में एक 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। किशोरी प्री-बोर्ड परीक्षा देने जा रही थी, तभी उसे अगवा कर जबरन शराब पिलाई गई और फिर वारदात को अंजाम दिया गया। मऊगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
यह घटना 5 फरवरी को मऊगंज थाना क्षेत्र में हुई। सुबह करीब 10:30 बजे नाबालिग किशोरी अपनी सहेली के साथ पैदल विद्यालय जा रही थी। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार चार युवकों ने दोनों को जबरन अगवा कर लिया और जंगल की ओर ले गए। जंगल पहुंचने पर आरोपियों ने सहेली को कुछ दूरी पर छोड़ दिया। इसके बाद उन्होंने नाबालिग को जबरदस्ती शराब पिलाई। चारों आरोपियों ने बारी-बारी से किशोरी के साथ दुष्कर्म किया।
घटना के बाद शाम को परिजनों को फोन के माध्यम से सूचना मिली कि किशोरी निविहा जंगल में बेहोशी की हालत में पड़ी हुई है। परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने चारों आरोपियों को अलग-अलग क्षेत्रों से पकड़ा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। इस मामले में मिंटू उर्फ बेटू जायसवाल (24), रविनंदन सिंह गौड़ उर्फ गांधी (22), लाला उर्फ नीरज जायसवाल (21) और सुभाष जायसवाल उर्फ मिथुन (23) को गिरफ्तार किया गया है।
स्कूली छात्रा से गैंगरेप के 4 आरोपी पकड़ाए