विंध्यभारत, रीवा
तेज रफ्तार ऑडी कार ने समान थाना अंतर्गत कोष्टा में बाइक सवार परिवार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों सवार उछलकर दूर जा गिरे। हादसे में एक महिला समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा शनिवार दोपहर रीवा-रायपुर मार्ग पर कोष्टा गांव के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रायपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही ऑडी कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मारी। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सडक़ पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। यह लोग भगवान को पहला निमंत्रण कार्ड देने जा रहे थे। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान भागवत विश्वकर्मा, शिवम विश्वकर्मा और शीतल विश्वकर्मा के रूप में हुई है। तीनों एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, भागवत विश्वकर्मा के बेटे शुभम की 25 फरवरी को शादी तय थी। हिंदू परंपरा के अनुसार शादी का पहला निमंत्रण भगवान को अर्पित किया जाता है। इसी रस्म को निभाने के लिए परिवार बाइक से चिरहुला नाथ मंदिर जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया।
ऑडी कार जब्त, ड्राइवर फरार
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। ऑडी कार को जब्त कर लिया गया है, जबकि हादसे के बाद चालक फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।