विंध्यभारत, रीवा
जिले के त्योंथर जनपद की ग्राम पंचायत अमिलिया में मनरेगा के तहत नाबालिग बच्चे के नाम मस्टर रोल बनाकर शासकीय राशि निकालने का मामला सामने आया है। आरोप पंचायत के सरपंच, सचिव और रोजगार सहायक पर लगे हैं। आरटीआई से खुलासा होने के बाद प्रशासन ने जांच की बात कही है। मामले में एक नाबालिग छात्र का नाम मस्टर रोल में दर्ज पाया गया। बताया जा रहा है कि वह कक्षा 12वीं का नियमित विद्यार्थी है। दस्तावेजों के अनुसार छात्र की स्कूल के अटेंडेंस रजिस्टर में नियमित उपस्थिति है। इसके बावजूद मनरेगा में उसके काम करने और भुगतान पाने का रिकॉर्ड सामने आया है। ग्रामीणों और शिकायतकर्ता का आरोप है कि सरपंच वेद प्रकाश मिश्रा, सचिव राजेंद्र प्रसाद तिवारी और रोजगार सहायक सुनील गौतम ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर राशि का आहरण किया। बताया गया है कि सिर्फ नाम ही नहीं जोड़ा गया, बल्कि जॉब कार्ड और मस्टर रोल क्रमांक तक तैयार किए गए, ताकि भुगतान प्रक्रिया पूरी दिखाई दे।