राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ की मासिक बैठक सम्पन्न

विंध्य भारत, रीवा

राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ की जिला इकाई रीवा की मासिक बैठक उद्यानिकी परिसर कोठी कम्पाउंड, रीवा में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष भक्त प्रहलाद कुशवाहा द्वारा की गई। बैठक में राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रविदत्त सिंह जी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जानकारी दी गई कि राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ की प्रदेश स्तरीय बैठक दिनांक 02 फरवरी 2026 को भोपाल स्थित संगठन कार्यालय में सम्पन्न हुई, जिसमें संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव कुमार शर्मा (कक्का जी) की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस प्रदेश बैठक में प्रदेश अध्यक्ष नारायण खेरवा, प्रदेश मंत्री त्रिलोक गोष्ठी सहित प्रदेश, संभाग एवं जिले के समस्त पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष कक्का द्वारा संगठन के आगामी राष्ट्रीय अधिवेशन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही अमर शहीद क्रान्तिकारियों के सुप्रीमो चन्द्रशेखर आज़ाद के जन्म स्थान ग्राम भावरा, जिला अलीराजपुर में अनवरत घी का दीप प्रज्वलन किए जाने का कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय अधिवेशन का आयोजन 26, 27 एवं 28 फरवरी 2026 को किया जाना सुनिश्चित हुआ है, जिसका समापन 01 मार्च 2026 को होगा। इस राष्ट्रीय अधिवेशन में रीवा जिले से सैकड़ों कार्यकर्ताओं द्वारा सहभागिता किए जाने का संकल्प लिया गया। बैठक में मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा विद्युत विभाग की लापरवाही का विषय भी प्रमुखता से उठाया गया।
बैठक में बताया गया कि विद्युत नियामक आयोग द्वारा निर्धारित टैरिफ के विपरीत उपभोक्ताओं को बढ़े हुए विद्युत बिल भेजे जा रहे हैं, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। विद्युत विभाग की इस मनमानी कार्यप्रणाली के कारण किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
बैठक में मुख्य रूप से राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रविदत्त सिंह, शोभनाथ कुशवाहा (महाकौशल प्रान्ताध्यक्ष), भक्त प्रहलाद कुशवाहा (जिला अध्यक्ष), अरुण कुमार तिवारी, गणेश सिंह (रायपुर) एवं जगदीश प्रसाद सोंधिया (रीवा) सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *