विंध्य भारत, रीवा
निगम आयुक्त डॉ सौरभ सोनवणे ने निर्माणाधीन मिहिर सेन तरण ताल का भ्रमण कर स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों तथा सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। निगम आयुक्त ने परिसर को आकर्षक एवं उपयोगी बनाने हेतु ग्रीन लैंडस्केपिंग विकसित करने के निर्देश दिए, जिससे तरण ताल के चारों ओर हरियाली एवं सौंदर्यीकरण सुनिश्चित किया जा सके। सौंदर्यीकरण एवं तरण ताल के रात्रिकालीन उपयोग को ध्यान में रखते हुए आधुनिक एवं पर्याप्त लाइटिंग व्यवस्था करने को भी कहा एवं परिसर में चेंजिंग रूम की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए, जिससे पुरुष एवं महिला खिलाडिय़ों को अलग-अलग तथा पर्याप्त सुविधाएं मिल सकें। निगम आयुक्त ने परिसर की दीवारों एवं संरचनाओं पर थीम आधारित रंगरोगन कर स्विमिंग से जुड़े आकर्षक एवं सूचनात्मक डिज़ाइन विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही, तरण ताल के सुचारू संचालन के लिए ऑटोमैटिक इलेक्ट्रिक मोटर सिस्टम सुनिश्चित करने को कहा, जिससे पानी का निष्कासन एवं प्रवाह (वॉटर एग्जिट) बेहतर ढंग से हो सके और स्वच्छता बनी रहे। निगम आयुक्त ने अधिकारियों को समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तरण ताल को शहर के खिलाडिय़ों के लिए आधुनिक स्विमिंग खेल सुविधा के रूप में विकसित कर शीघ्र उपलब्ध कराया जाए। इस दौरान कार्यपालन यंत्री सिद्धार्थ सिंह, सहायक यंत्री अभिनव चतुर्वेदी, उपयंत्री नरेंद्र जोगी एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।