विंध्य भारत, रीवा
नशे के विरूद्ध चलाए जा रहे अभियान की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में आयोजित की गई। जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति की बैठक में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कहा कि नशे की बुराई को दूर करने के लिए समन्वित प्रयास करें। कोरेक्स पर कड़ाई से कार्रवाई करने के कारण अन्य दवाओं का नशे के रूप में दुरूपयोग हो सकता है। मेडिकल नशे को रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई करें। नशे के विरूद्ध जिले भर में व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाएं। शिक्षण संस्थानों में नशा, पॉक्सो एक्ट की जानकारी तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूकता अभियान चलाएं। यदि किसी मेडिकल स्टोर से नशीले पदार्थ का अवैध व्यापार पाया जाता है तो उसका लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई करें।
बैठक में पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान ने कहा कि नशीले पदार्थों का अवैध व्यापार और उपयोग कानून व्यवस्था के लिए भी बड़ी चुनौती है। मेडिकल नशे तथा अन्य नशीले पदार्थों के अवैध व्यापार से जुड़े लोगों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। नशे के शिकार व्यक्तियों के पुनर्वास के लिए भी समुचित प्रयास आवश्यक है। बैठक में सहायक आयुक्त आबकारी अनिल जैन ने बताया कि महुआ लाहन के अवैध भण्डारण तथा अवैध शराब बिक्री पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। बैठक में ड्रग इंस्पेक्टर श्री बट्टी ने बताया कि तीन दुकानों पर अवैध नशीली टेबलेट बेचने पर कार्रवाई की गई है। इनके दुकानदारों को जेल भेजा गया है। दुकानों के लाइसेंस निरस्त कर दिए गए हैं तथा दुकानें सीज हैं। बैठक में संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय अनिल दुबे ने नशे के विरूद्ध चलाए जा रहे अभियान में की गई कार्यवाही की जानकारी दी। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर सपना त्रिपाठी, प्रभारी डीएफओ नितेश खण्डेलवाल, एसडीएम हुजूर अनुराग तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजीव पाठक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरती सिंह तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।