सीधी
प्रदेश के इंदौर नगर निगम द्वारा सप्लाई किए गए मल-मूत्र युक्त दूषित पानी के सेवन से हुई 18 नागरिकों की मौत और 2800 से अधिक लोगों के गंभीर रूप से बीमार होने की घटना के विरोध में आज जिला कांग्रेस कमेटी सीधी द्वारा जिला अध्यक्ष ज्ञान सिंह के नेतृत्व में घंटा बजाओ शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। यह प्रदर्शन प्रदेश सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा इस गंभीर जनहानि पर की गई अशोभनीय टिप्पणी घंटा के खिलाफ जनाक्रोश का प्रतीक बना। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देशानुसार आयोजित इस आंदोलन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने भाजपा सरकार की असंवेदनशीलता, अहंकार और प्रशासनिक विफलता के विरुद्ध जोरदार विरोध दर्ज कराया।
इंदौर में पानी के नाम पर दिया गया जहर: ज्ञान
कार्यक्रम के तहत सांसद और विधायक सीधी के निवास के समक्ष कार्यकर्ताओं ने घंटा बजाकर विरोध प्रदर्शन किया और सरकार से मृतकों के प्रति जवाबदेही तय करने की मांग की। प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक रहा, लेकिन संदेश बेहद स्पष्ट और तीखा था। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि इंदौर में लोगों को पीने के लिए पानी नहीं जहर दिया गया और 18 लोग मारे गए। इसके बावजूद भाजपा सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय इसे घंटा कहकर टाल देते हैं। यह बयान नहीं, बल्कि सत्ता के नशे में चूर सरकार की अमानवीय मानसिकता का खुला प्रमाण है। उन्होंने आगे कहा कि स्वच्छता के नाम पर पुरस्कार बटोरने वाली भाजपा सरकार यह भूल गई कि सबसे पहले जनता को पीने लायक पानी देना होता है। इंदौर की मौतें किसी दुर्घटना का नहींए बल्कि भाजपा शासित नगर निगम और प्रदेश सरकार की आपराधिक लापरवाही का परिणाम हैं। ज्ञान सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी। घंटा बजाओ आंदोलन सत्ता के अहंकार को जगाने की शुरुआत है। जब तक दोषी मंत्रियों, अधिकारियों और जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों पर कठोर कार्रवाई नहीं होती, तब तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। प्रदर्शन के माध्यम से जिला कांग्रेस कमेटी ने मांग की कि इंदौर जल त्रासदी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों पर तत्काल कार्रवाई की जाए
प्रदर्शन के दौरान इनकी रही प्रमुख रूप से उपस्थिति
आंदोलन में प्रमुख रूप से प्रदीप सिंह दीपू, ओमकार सिंह कर्चुली, ज्ञानेंद्र अग्निहोत्री, जय सिंह, रजनीश श्रीवास्तव, मनोज सिंह, हल्के सोनी, अब्दुल मजीद, मो. हफीज, अखण्ड प्रताप सिंह, शीला रानी साकेत, कुमुदिनी सिंह, मेंनका सिंह, शशिकला द्विवेदी, विनोद विश्वकर्मा, अरविंद सिंह, रोशन पुष्पा सिंह, प्रियंका सिंह, इंदु सिंह, अरविंद तिवारी, प्रदीप द्विवेदी, प्रदीप दीक्षित, रामभिलाश पटेल, यज्ञराज साहू, सुनील सिंह सहित आदि काफी संख्या में कांग्रेसी उपस्थित रहे।