रेखा वर्मा को सहप्रभारी की जिम्मेदारी
भोपाल: बीजेपी में संगठन स्तर पर बड़ा फेरबदल हुआ है. मध्य प्रदेश में बीजेपी के प्रभारी विप्लब कुमार देब होंगे जबकि सहप्रभारी की जिम्मेदारी रेखा वर्मा को सौंपी गई है. बीजेपी के राष्ट्रीय प्रभारी और सहप्रभारियों की सूची में मध्य प्रदेश का दबदबा दिखाई दे रहा है.
विप्लब कुमार देव 2018 के विधानसभा चुनाव में जीत के बाद त्रिपुरा के मुख्यमंत्री भी रहे हैं. इसके अलावा त्रिपुरा पश्चिम लोकसभा सीट से सांसद भी रहे. हाल ही में उन्हें बीजेपी में राष्ट्रीय महामंत्री की जवाबदारी सौंपी गई. सह प्रभारी रेखा वर्मा लगातार 10 साल तक सांसद रहीं. राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के साथ वे उत्तराखंड की सह प्रभारी हैं. मध्य प्रदेश के नेताओं को देश के अलग-अलग राज्यों का दायित्व सौंपा गया है. बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष को पश्चिम बंगाल का प्रभारी बनाया गया है. इसी तरह से पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया आंध्र प्रदेश के प्रभारी होंगे. वहीं कविता पाटीदार को राजस्थान का सहप्रभारी बनाया गया है. मध्य प्रदेश में संगठन महामंत्री रहे अरविंद मेनन उत्तराखंड के सहप्रभारी बनाए गए हैं. वहीं मध्य प्रदेश के कोटे से राज्यसभा में पहुंचे तरुण चुघ को गुजरात का प्रभारी बनाया गया है. मध्य प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले आशीष अग्रवाल को बीजेपी में राष्ट्रीय मीडिया समन्वयक बनाए जाने के महीने भर के भीतर ही प्रमोट करके बीजेपी के राष्ट्रीय मीडिया विभाग में संयोजक की जवाबदारी दी गई है. मध्य प्रदेश में करीब एक महीने से खाली पड़े प्रदेश मीडिया प्रभारी के पद पर बृजमोहन लोया की नियुक्ति की गई है.
