पार्टियों को तोडऩे और नुकसान पहुंचाने का काम हमेशा कांग्रेस ने किया
नई दिल्ली:केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस जो बातें अपने लिए कहनी चाहिए, वे भाजपा पर मढ़ रहे हैं। रिजिजू ने कांग्रेस पार्टी की तुलना ‘भस्मासुर’ से की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसा भस्मासुर है, जो अपने संपर्क में आने वाली हर राजनीतिक पार्टी को भस्म कर देती है।
रिजिजू ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस और एनसीपी जैसी पार्टियां कांग्रेस से ही निकली हैं। खुद कांग्रेस भी किसी अन्य दल से टूटकर बनी थी। उन्होंने कहा कि पार्टियों को तोडऩे और नुकसान पहुंचाने का काम हमेशा कांग्रेस ने किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है। यह सफलता किसी पार्टी को तोडक़र हासिल नहीं की गई है। भाजपा कांग्रेस की तरह गंदा खेल नहीं खेलती। उन्होंने कहा कि वी. पी. सिंह कांग्रेस से बाहर निकलकर प्रधानमंत्री बने थे। तब कांग्रेस पार्टी ने चंद्रशेखर को समर्थन देने का दिखावा करके साजिश रची और वी. पी. सिंह की सरकार गिरा दी। फिर कुछ ही महीनों में चंद्रशेखर से भी समर्थन वापस लेकर उनकी सरकार को गिरा दिया। पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी आरोप लगाते हैं कि भाजपा दल तोड़ती है। सच्चाई यह है कि टीएमसी और एनसीपी जैसी पार्टियां कांग्रेस के गलत रवैये और अंदरूनी कलह के कारण उससे अलग हुईं। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी को अपनी पार्टी का इतिहास याद करना चाहिए, क्योंकि कांग्रेस हमेशा से पार्टियों को तोडऩे और सरकारें गिराने की माहिर रही है।
अपनी पार्टी का इतिहास भी नहीं जानते राहुल गांधी :त्रिवेदी
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर पलटवार किया। त्रिवेदी ने कहा कि लोगों की राहुल गांधी के बारे में यह धारणा है कि उन्हें देश के बारे में कुछ नहीं पता आज उन्होंने एक अजीब ट्वीट किया है जिससे पता चलता है कि उन्हें अपनी पार्टी के बारे में भी कुछ नहीं पता। राहुल गांधी ने बीजेपी पर आरोप लगाया है कि वह शिवसेना और एनसीपी के बाद टीएमसी को खत्म कर रही है। मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि एनसीपी और टीएमसी खुद कांग्रेस से अलग होकर बनी थीं।

