मुख्यमंत्री ने सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की संबंध में ली बैठक
17 सितंबर से आरंभ होगा सेवा संकल्प अभियान
प्रधानमंत्री का लोकतंत्र को सशक्त करने में अविस्मरणीय योगदान रहा
प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन की सबसे बड़ी विशेषता सेवा का संस्कार है
भोपाल :मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के पच्चीस वर्ष केवल सत्ता के नहीं बल्कि निरंतर सेवा और राष्ट्र निर्माण के पच्चीस वर्ष है। सात अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई यह संवैधानिक यात्रा आज एक ऐतिहासिक पड़ाव पर पहुंची है। मुख्यमंत्री से प्रधानमंत्री तक उन्होंने जन सेवा को अपना संकल्प बनाया। श्री मोदी ने देश के विकास और लोकतंत्र को सशक्त करने में अविस्मरणीय योगदान दिया है। इस गौरव पूर्ण यात्रा को जन-जन तक पंहुचाने के लिए प्रधानमंत्री श्री मोदी के जन्म दिवस 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। श्री मोदी के सार्वजनिक जीवन की सबसे बड़ी विशेषता सेवा का संस्कार है। यही संस्कार आज ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प है। श्री मोदी के 25 वर्षों के कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों को हम जनता के बीच ले जाएंगे। मुख्यमंत्री ने सेवा संकल्प अभियान के संबंध में मंत्रालय में आयोजित बैठक में यह निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान के माध्यम से जनकल्याण के लिए संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने में भी मदद मिलेगी। अभियान को जनसहभागिता के माध्यम से जनसंवाद का माध्यम बनाया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में जारी जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत संचालित गतिविधियों को सेवा संकल्प अभियान में सम्मिलित करते हुए कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। सेवा संकल्प अभियान की अवधि में आने वाले प्रत्येक शुक्रवार को सभी जिलों में जनकल्याण और जनसंवाद की विशेष गतिविधियां संचालित की जाएं। अभियान के अंतर्गत प्रदेश के नवाचारों को प्रमुख रूप से प्रदर्शित और प्रोत्साहित किया जाए। अभियान के अंतर्गत प्रदेश के सभी जिलों में विकसित विकास पुस्तिकाएं जन-जन तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सभी मंत्री अपने-अपने विभाग और प्रभार के जिलों में इस अभियान की नियमित समीक्षा करें। हर जिले में तिथिवार कार्ययोजना बनायी जाए। जिला स्तर पर विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए। मध्यप्रदेश इस अभियान में ऐसा मॉडल प्रस्तुत करें, जिसे देश में सुशासन, सेवा और जनसहभागिता के उदाहरण के रूप में देखा जाए। डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर को उज्जैन स्थित महाकाल महालोक में बड़ी संख्या में दीप प्रज्वलित करने का कार्यक्रम आयोजित किया जाए। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने प्रदेश में जिन महत्वपूर्ण परियोजनाओं और कार्यों का लोकार्पण या भूमिपूजन किया है अथवा अन्य कोई महत्वपूर्ण सौगात दी है, उन सभी स्थानों पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। डॉ. यादव ने कहा कि सम्राट विक्रमादित्य महानाट्य की प्रस्तुति अहमदाबाद अथवा वडनगर में की जाए। श्री मोदी की पहल पर नर्मदा परियोजना और सरदार सरोवर बांध से जिन जिलों के सामाजिक-आर्थिक जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है, उन जिलों में नर्मदा परियोजना पर केन्द्रित गतिविधियां संचालित की जाएं। प्रदेश में विकसित प्रमुख सडक़ परियोजनाओं से सुगम हुए यातायात और बढ़ी आर्थिक गतिविधियों की जानकारी का भी प्रचार-प्रसार किया जाए।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत होंगे 13 कार्यक्रम
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों के संबंध में हुई बैठक में बताया गया कि अभियान के अंतर्गत 13 कार्यक्रम होंगे। इनमें आशीर्वाद का दीया, 25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत, नमो सेवा गाथा, आंगन का उत्सव, कहानी बदलाव की, विकसित भारत संकल्प यात्रा, सेवा ज्योति यात्रा, वडऩगर से वाराणसी, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार, रंगोली राष्ट्र, राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज और जनसेवक महाकुंभ पंचायत से पार्लियामेंट तक शामिल हैं। 25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत के अंतर्गत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच राष्टव्यापी ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिता आयोजित होगी। आंगन का उत्सव के अंतर्गत 25 सितंबर से 7 अक्टूबर की अवधि में स्थानीय आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों के साथ उनकी माताओं को भी आमंत्रित किया जाएगा। कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सार्वजनिक रूप से सम्मान किया जायेगा। सेवा ज्याति यात्रा के अंतर्गत गांव, जिला और राज्य स्तर की जनभागीदारी यात्राएं निकाली जाएंगी। सेवा मेरा योगदान अभियान की अवधि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होगी। प्रत्येक नागरिक समाज सेवा में अपना योगदान देगा।
