बीरभूम। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि एसआईआर को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी न्यायपालिका पर आरोप लगा रही हैं। अमित शाह ने कहा कि परिणाम घोषित होने के बाद 5 मई को भाजपा के मुख्यमंत्री शपथ लेंगे। अमित शाह ने कहा कि यह हिंदू-मुस्लिम मुद्दा नहीं है। अमित शाह ने कहा किइस बार बंगाल की जनता निश्चित रूप से बदलाव लाएगी। अमित शाह ने कहा कि भाजपा गुरु रवींद्रनाथ टैगोर द्वारा परिकल्पित सोनार बांग्ला के निर्माण पर काम करेगी। उन्होंने कहा कि बीएसएफ को सीमा पर बाड़ लगाने के लिए 600 एकड़ जमीन की जरूरत है। हालांकि ममता दीदी जमीन देने से इनकार कर रही हैं, जिससे घुसपैठ हो रही है।
ममता घुसपैठियों को शरण देती हैं और वे बदले में उन्हें चुन लेते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने जा रही है और हम यह सुनिश्चित करेंगे कि घुसपैठियों की पहचान करके उन्हें देश से बाहर निकाला जाए। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में हजारों कारखाने बंगाल से बाहर चले गए। उन्होंने कहा कि ममता दीदी ने बंगाल के युवाओं को जो कभी पूरे भारत का औद्योगिक केंद्र माना जाता था बेरोजगार बना दिया है। उन्होंने कहा कि अब ममता सरकार को अलविदा कहने का समय आ गया है। ममता सरकार को हटाने का मतलब है घुसपैठियों से मुक्त बंगाल बनाना। अगर आप बंगाल से घुसपैठियों को हटाना चाहते हैं, तो यह काम सिर्फ और सिर्फ भाजपा ही कर सकती है। शाह ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी राज्य की बहुसंख्यक आबादी को डराने-धमकाने की कोशिश कर रही हैं और यह चुनाव घुसपैठियों को बाहर निकालने के लिए अहम है। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता इस बार बमों का जवाब वोट से देगी। शाह ने टीएमसी कार्यकर्ताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि टीएमसी के गुंडे मतदान के दिन घर में ही रहें अन्यथा 4 मई के बाद उन्हें जेल भेजा जाएगा। उन्होंने कहा सत्ता में आने के बाद भाजपा बंगाल में समान नागरिक संहिता लागू करेगी। शाह ने कहा कि यह कानून एक खास समुदाय के पुरुषों को चार शादियां करने से रोकेगा। शाह ने कहा कि बंगाल दिल्ली से नहीं चलेगा। कांग्रेस और ममता बनर्जी ने 550 वर्षों तक राम लल्ला को तंबू में रखने का समर्थन किया। इसके उलट पीएम मोदी ने अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनवाया। उन्होंने पुरानी सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि मनमोहन सिंह सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ कभी ठोस कदम नहीं उठाए बल्कि उनके साथ बिरयानी वाली मेहमाननवाजी की। शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने नक्सलवाद को कुचल दिया है। अब समय आ गया है कि घुसपैठियों को देश से बाहर निकाला जाए।
ममता बनर्जी न्यायपालिका पर आरोप लगा रहीं :अमित शाह