मथुरा में भीषण नाव हादसा, 10 श्रद्धालुओं की मौत

पंजाब के लुधियाना से पहुंचे थे श्रद्धालु
मथुरा: मांट थाना क्षेत्र में शुक्रवार की दोपहर बाद यमुना में नाव पलट जाने से 10 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और कई लापता है. मृतकों में 6 महिलाएं भी शामिल हैं. करीब 15 श्रद्धालुओं को रेस्क्यू कर बचा लिया गया है. घायलों का इलाज वृंदावन के अस्पताल में कराया जा रहा है. मौके पर एनडीआरएफ की टीम गोताखोर और पुलिस फोर्स मौके पर मौजूद है. बताया जा रहा है कि पंजाब के लुधियाना समेत अन्य इलाकों से श्रद्धालु यहां घूमने के लिए आए थे. बताया जाता है कि जिस वक्त हादसा हुआ, नाव पर करीब 32 श्रद्धालु सवार थे. इस हादसे के पीछे लापरवाही भी मानी जा रही है.
यमुना नदी में नाव से सैर करने के लिए सैकड़ो की संख्या में श्रद्धालु यहां आते हैं. शुक्रवार दोपहर घाट के पास नाव अचानक पांटून पुल से टकरा गई. नाव में करीब तीन दर्जन श्रद्धालु सवार थे. यमुना में नाव पलटने के कारण चीख-पुकार मच गई. आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. नाव चालकों ने श्रद्धालुओं को बचाने के लिए प्रयास शुरू कर दिए. मौके पर 10 श्रद्धालुओं की मौत हो गई. कई श्रद्धालु अब भी लापता बताए जा रहे हैं. एक दर्जन श्रद्धालुओं का वृंदावन के अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक पंजाब के लुधियाना से करीब 132 श्रद्धालुओं का दल मंदिरों के दर्शन करने के लिए वृंदावन पहुंचा है. शुक्रवार दोपहर बाद कुछ श्रद्धालु यमुना में नाव से सैर करने के लिए निकल पड़े. नाव चालक श्रद्धालुओं को घुमा रहा था, तभी पानी का तेज प्रवाह होने की वजह से नाव अचानक पांटून पुल से टकरा गई और यह हादसा हो गया. गोताखोरों की सहायता से 15 श्रद्धालुओं को रेस्क्यू करके बचा लिया गया. वहीं 10 श्रद्धालु अब भी लापता हैं, जिनकी तलाश की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *