केरल में एक स्थान पर पत्थरबाजी
नई दिल्ली: असम, केरल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों के लिए गुरुवार को हुई एक चरण की वोटिंग में मतदाताओं ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। चुनाव आयोग के रात 9:30 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, पुडुचेरी में सबसे ज्यादा 89.87 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके बाद असम में 85.65 प्रतिशत और केरल में 78.24 प्रतिशत मतदान हुआ। तीनों राज्यों में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ और बड़ी संख्या में लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। तीनों राज्यों में मतगणना 4 मई को होगी।
केरल में 2.6 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने 140 सीटों पर 883 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला किया। असम में 2.5 करोड़ से ज्यादा मतदाताओं ने 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान किया, जहां 722 उम्मीदवार मैदान में हैं। पुडुचेरी में 10,14,070 मतदाता 30 सीटों के लिए वोट डालने के पात्र थे। वोटिंग सुबह 7 बजे से शुरू हुई और देर शाम तक चली. इन राज्यों में निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित कराने के लिए चुनाव आयोग की ओर से व्यापक प्रबंध किए गए थे. सभी संवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. इन राज्यों में वोटिंग को लेकर मतदाताओं में उत्साह था. कई मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी. एक ही फेज में होने वाले चुनाव में केरलम की 140, असम की 126 और पुडुचेरी की 30 सीटों पर वोटिंग है. चुनाव आसानी से हो इसके लिए चुनाव आयोग की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम, वेबकास्टिंग और लॉजिस्टिकल इंतजाम किए गए थे. नगालैंड के कोरिडांग विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में शाम पांच बजे मतदान समाप्त होने तक अनुमानित 80.62 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की 30 विधानसभा सीटों के लिए मतदान शाम छह बजे समाप्त हो गया. मतदान समाप्त होने की समय सीमा से पहले पहुंचे और कतार में खड़े लोगों को वोट डालने की अनुमति दी गई. केरल के अझिकोड चुनाव क्षेत्र में, एलडीएफ और यूडीएफ कार्यकर्ताओं के बीच पत्थरबाजी की घटना में छह लोग घायल हो गए. बताया जा रहा है कि यह झगड़ा बूथ के बाहर वोटरों को प्रभावित करने की कोशिश के आरोपों को लेकर शुरू हुआ.
असम में चुनाव के बीच पोल अधिकारी मृत पाए गए
अधिकारियों ने बताया कि राज्य में असेंबली चुनाव के बीच असम के सोनितपुर जिले में एक चुनाव अधिकारी मृत पाए गए. एक अधिकारी ने कहा वह सुबह अपने बिस्तर पर बेहोश पाए गए. उन्हें एम्बुलेंस से पास के अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.’ उन्होंने कहा कि मौत के कारण की अभी पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि डॉक्टरों को शक है कि यह किसी अंदरूनी मेडिकल कंडीशन की वजह से हुआ.
असम और पुडुचेरी में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न