नई दिल्ली: अमेरिका-ईरान के बीच सीजफ़ायर के कुछ ही घंटों बाद ईरान में धमाके सुने गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक ईरान के लावन द्वीप स्थित तेल रिफाइनरी में जोरदार धमाके की आवाज़ आई। विस्फोट के बाद रिफाइनरी मे आग लगने की भी खबर है। रिपोर्ट्स के अनुसार लावन रिफाइनरी में धमाके की पुष्टि ईरान की नेशनल ऑयल रिफाइनिंग कंपनी ने भी की है। विस्फोटों के कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है। ईरान की रिफाइनरी में हुए ब्लास्ट में किसी तरह के नुकसान या किसी के घायल होने को लेकर भी कोई जानकारी सामने नहीं आई है। इसके अलावा तुर्की का कहना है कि सिरी द्वीप से भी धमाकों की खबर सामने आई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ दो हफ्ते के सीजफ़ायर की घोषणा की। उन्होंने कहा कि तेहरान ने बातचीत के लिए 10 शर्त वाला एक व्यवहारिक प्रस्ताव पेश किया है। यह घोषणा उस समय की गई जब ट्रंप द्वारा कई बार बढ़ाई गई समय सीमा खत्म होने में दो घंटे से भी कम समय बचा था। इस डेडलाइन के तहत ट्रंप ने ईरान से होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने और समझौता स्वीकार करने की मांग की थी। यूएस के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी बड़ा बयान देते हुए कहा है कि समझौता अभी बेहद नाजुक है। जो हासिल करना था वो कर लिया और उम्मीद है कि ईरान सही फैसला लेगा। ईरान मित्र देशों पर हमला नहीं करेगा। अमेरिका-ईरान के बीच सीजफ़ायर के बाद इराक ने अपना हवाई क्षेत्र फिर से खोल दिया है। इराकी न्यूज एजेंसी द्वारा जारी बयान में कहा गया “स्थिति के स्थिर होने और सामान्य हालात लौटने के बाद आज से इराकी हवाई क्षेत्र को हवाई यातायात के लिए फिर से खोलने का फैसला लिया गया है।”
ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट फिर से बंद कर दिया
अमेरिका-ईरान के बीच सीजफायर के एलान को अभी 24 घंटे भी नहीं बीते हैं कि तेहरान ने एक बार फिर होर्मुज स्ट्रेट बंद कर दिया है। फॉर्स न्यूज ने के मुताबिक यह फैसला लेबनान पर इजरायली हमलों के चलते लिया गया है। रिपोर्ट के अनुसार लेबनान में इजरायल के हमलों के कारण ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य के माध्यम से तेल टैंकरों के मार्ग को रोक दिया है। फार्स की रिपोर्ट है कि ईरान और अमेरिका के बीच संघर्ष विराम प्रभावी होने के बाद सुबह दो तेल टैंकरों को जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति दी गई। एजेंसी की रिपोर्ट है लेबनान पर इजरायल के हमलों के साथ, होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल टैंकरों का गुजरना रोक दिया गया है।
सीजफ़ायर के बीच ईरान में धमाके, रिफाइनरी में विस्फोट