बंगाल पर नजर उठाई तो पाक के कितने टुकड़े होंगे खुदा ही जाने :राजनाथ

55 साल पुराना अंजाम मत भूलो
बैरकपुर :रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ को भडक़ाऊ बयान नहीं देना चाहिए क्योंकि अगर उनकी नजर बंगाल पर पड़ी तो पाकिस्तान कितने हिस्सों में बंट जाएगा यह तो सिर्फ भगवान ही जानते हैं। राजनाथ सिंह ने कहा 55 साल पहले उन्हें इसके परिणाम भुगतने पड़े थे जब पाकिस्तान दो हिस्सों में बंट गया था। अगर वे बंगाल पर नजर डालने की कोशिश करेंगे तो पता नहीं इस बार पाकिस्तान कितने हिस्सों में बंटेगा।”
पश्चिम बंगाल में राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को पुरानी यादें ताजा करते हुए कहा कि वे 55 साल पहले के अंजाम को न भूलें जब पाकिस्तान दो हिस्सों में बंट गया था। उन्होंने साफ लहजे में चेतावनी दी कि अगर इस बार पाकिस्तान ने बंगाल की तरफ आंख उठाकर भी देखा तो खुदा ही जाने उसके कितने टुकड़े होंगे। राजनाथ सिंह ने पाकिस्तानी नेतृत्व को संयम बरतने और इतिहास से सीख लेने की सलाह दी है। राजनाथ सिंह ने कहा कि देश का रक्षा मंत्री होने के नाते वह खुद इस मुद्दे पर अपनी बात रख रहे हैं और यह जरूरी नहीं कि हर बात पर प्रधानमंत्री ही बोलें। रक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया कि भारत की सुरक्षा और रक्षा मामलों पर सरकार की नीति पूरी तरह स्पष्ट है। राजनाथ सिंह ने दोटूक शब्दों में कहा कि वह देश के रक्षा मंत्री हैं और रक्षा से जुड़े विषयों पर बोलने के लिए पूरी तरह अधिकृत हैं।
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री कोलकाता पहुंचने का ख्वाब छोड़ दें :उमर अब्दुल्ला
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ मुल्क की राजधानी तक तो पहुंच नहीं पाए थे, कोलकाता पहुंचने का ख्वाब तो छोड़ ही दो। उमर अब्दुल्ला ने कहा “अभी ऑपरेशन सिंदूर को पूरा हुए एक साल भी नहीं हुआ। क्यों हमें मजबूर कर रहे हैं कि उन्हें याद दिलाने पर कि किस तरह हालात बने हुए थे। कोलकाता तो दूर की बात वो मुश्किल से जम्मू पहुंचे। जम्मू में भी उन्होंने कुछ खास नुकसान किया नहीं था। मुल्क की राजधानी तक तो पहुंच नहीं पाए, कोलकाता पहुंचने का ख्वाब मुझे लगता है उन्हें भूल जाना चाहिए।”मुख्यमंत्री ने कहा “उनकी बेहतरी इसी में है कि किसी ना किसी तरह वो रिश्तों को सुधारने की कोशिश करें। उनको रिश्तों को बिगाडऩा नहीं चाहिए। क्योंकि खराब रिश्तों से हमें इतना नुकसान नहीं है, जितना उनको होगा। “
प्रधानमंत्री एक शब्द भी नहीं बोले :ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता पर हमले की पाकिस्तान की धमकी पर कोई कार्रवाई क्यों नहीं की। सीएम ने कहा “प्रधानमंत्री चुनावी रैलियों के दौरान बंगाल को निशाना बनाते हैं लेकिन जब पाकिस्तान बंगाल पर हमले की बात करता है तो आप एक शब्द भी नहीं बोलते। ममता ने कहा प्रधानमंत्री ने बंगाल में अपनी रैली के दौरान इस मुद्दे को क्यों नहीं उठाया? जब पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने कहा कि वे कोलकाता पर हमला करेंगे तो प्रधानमंत्री ने यह क्यों नहीं कहा कि हम कड़ी कार्रवाई करेंगे?” उन्होंने कहा “जिस तरह हम देश को किसी भी तरह की धमकी स्वीकार नहीं करते, उसी तरह कोलकाता को लेकर किसी भी तरह की धमकी को भी हम चुपचाप बर्दाश्त नहीं करेंगे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *