पड़ोसी कोई दुस्साहस किया तो कार्रवाई निर्णायक होगी:रक्षा मंत्री

किसी भी हालात का सामना करने को भारत तैयार
तिरुवनंतपुरम । रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ईरान युद्ध के कारण उत्पन्न मौजूदा वैश्विक स्थिति के बीच भारत के पड़ोसी द्वारा किसी भी प्रकार के दुस्साहस को अंजाम देने की स्थिति में निर्णायक कार्रवाई की कड़ी चेतावनी जारी की। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किसी का नाम लिए बिना कहा कि मौजूदा हालात में हमारा पड़ोसी कोई भी दुस्साहस कर सकता है। अगर वह ऐसा करता है तो भारत की कार्रवाई अभूतपूर्व और निर्णायक होगी। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है।
सैनिक सम्मान सम्मेलन में बोलते हुए राजनाथ सिंह ने यह भी कहा कि भारतीय नौसेना के जहाज देश के टैंकरों को व्यस्त जलडमरूमध्य से सुरक्षित रूप से निकाल रहे हैं। राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि कुछ लोग पश्चिम एशिया में चल रहे इस संघर्ष को लेकर झूठ फैलाकर दहशत पैदा करना चाहते हैं। देश में न तो पेट्रोल-डीजल की कमी है और न ही गैस की। भारत किसी भी ऊर्जा संकट से निपटने के लिए तैयार है। उन्होंने विपक्ष पर इस संकट के दौरान देश के साथ खड़े होने के बजाय छोटी राजनीति में लिप्त होने का आरोप लगाया। उन्होंने यह भी कहा कि आज हम सभी बड़े बदलावों के दौर से गुजर रहे हैं। पश्चिम एशिया में एक बड़ा संघर्ष चल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के हितों की रक्षा के लिए अपनी कूटनीतिक कुशलता का इस्तेमाल कर रहे हैं। राजनाथ सिंह ने कहा “आज हम सभी बड़े परिवर्तन के दौर से गुजर रहे हैं। पश्चिम एशिया में बहुत बड़ा संघर्ष चल रहा है। हम अपने भारतीय नागरिकों की रक्षा और सुरक्षा के लिए कोई भी कदम उठाने में पीछे नहीं रहेंगे। इसके लिए हम पूरी तरह से तैयार हैं। उन्होंने कहा विपक्ष इस संकट के समय देश के साथ खड़े होने के बजाय निम्न स्तर की राजनीति कर रहा है। पिछले ११ वर्षों में चाहें वो आंतरिक सुरक्षा की बात रही हो या चाहें बाहर के दुश्मनों से सुरक्षा की बात रही हो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा को ताकत दी है। उन्होंने कहा”जब कांग्रेस के नेतृत्व में यूपीए सरकार का शासन था तो कैसे हालात थे याद कीजिए। आए दिन कोई न कोई घटना होती थी। जब से केंद्र में पीएम मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार आई है, आतंकवादी घटनाओं पर न केवल लगाम लगी है, बल्कि आतंकवाद के खिलाफ हमने निर्णायक कदम भी उठाए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *