कोलकाता: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने टीएमसी सरकार के खिलाफ बीजेपी के आरोपों का एक संकलन जारी किया और दावा किया कि पश्चिम बंगाल घुसपैठियों के लिए एंट्री पॉइंट बन गया है, जो पूरे भारत में अशांति फैला रहे हैं. चार्जशीट जारी करने के बाद शाह ने बताया कि बंगाल की सीमाओं से होने वाली घुसपैठ राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए चिंता का विषय है. उन्होंने कहा ‘पिछले 15 सालों से पश्चिम बंगाल में डर, भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण की राजनीति का राज चल रहा है.’ शाह ने कहा ‘ममता सरकार ने बंगाल को घुसपैठियों, अपराधियों और भ्रष्ट लोगों का अड्डा बना दिया है जिससे राज्य दशकों पीछे चला गया है.
अमित शाह ने कहा “असम में भाजपा सरकार बनने के बाद असम से घुसपैठ लगभग समाप्त हो गई है। अब एक ही रास्ता बचा है जहां से पूरे देश में घुसपैठिए फैलते हैं और देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करते हैं। एक प्रकार से आने वाले चुनाव में बंगाल की जनता को तय करना है कि भय को चुनना है या भरोसे को चुनना है। टीएमसी के कुशासन में बंगाल भ्रष्टाचार की प्रयोगशाला बन चुका है। ऊपर से नीचे तक आपराधिक सिंडिकेट जनता को परेशान कर रहे हैं। विकास के अभाव में बंगाल उद्योग के लिए एक प्रकार से कब्रिस्तान बन चुका है। इस बार बंगाल की जनता ने तय किया है कि प्रचंड बहुमत के साथ प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाई जाएगी।” अमित शाह ने कहा कि बंगाल की जनता को यह जानना चाहिए कि ममता बनर्जी ने ओबीसी श्रेणी में 77 समुदायों को शामिल किया है, जिनमें से 75 मुस्लिम समुदाय हैं। उन्होंने पूछा कि क्या अब कोई अन्य समुदाय बचा ही नहीं है? क्या अब ओबीसी का निर्धारण धर्म के आधार पर होगा?
टीएमसी के सत्ता में आने का आधार झूठ, डर और हिंसा
अमित शाह ने कहा कि यह सिलसिला ज्यादा दिन नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि ढेर सारी भर्तियों में जो घोटाले हुए, उनमें कई युवाओं की उम्र सीमा समाप्त हो चुकी है। हम इसमें 5 साल का रिलैक्सेशन देंगे, और जिन युवाओं की भर्ती के लिए उम्र सीमा समाप्त हो चुकी है, उन्हें स्स्ष्ट भर्तियों में मौका भी देंगे, साथ ही पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करेंगे। आगामी चुनावों में बंगाल को डर और भरोसे में से किसी एक को चुनना होगा। पिछले 15 वर्षों से डर और भ्रष्टाचार की राजनीति चल रही है। ममता बनर्जी ने झूठ और हिंसा का इस्तेमाल करके राजनीति का एक नया तरीका विकसित किया है। टीएमसी के सत्ता में आने का आधार झूठ, डर और हिंसा है। लेकिन 2011 से भाजपा इसके खिलाफ लड़ रही है, और मुझे विश्वास है कि इस बार भाजपा बंगाल में सरकार बनाएगी।
पश्चिम बंगाल घुसपैठियों के लिए एंट्री पॉइंट बन गया : अमित शाह